ETV Bharat / state

रेवाड़ी में पुलिसकर्मी की मौत मामले में सनसनीखेज खुलासा, नुकीले हथियार से मारा गया, 4 लोगों पर केस दर्ज

हरियाणा के रेवाड़ी में पुलिसकर्मी की मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है.

Haryana Police ASI murdered in Rewari murder case registered against 4 people
रेवाड़ी में पुलिसकर्मी की मौत मामले में सनसनीखेज खुलासा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : June 1, 2026 at 10:11 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रेवाड़ी : हरियाणा के रेवाड़ी में 10 मई की रात गंभीरावस्था में निजी अस्पताल में दाखिल कराए गए हरियाणा पुलिस के एएसआई की मौत सड़क हादसा नहीं थी, बल्कि नुकीली वस्तु से उस पर हमला किया गया था. मृतक के परिजन शुरू से ही हत्या के आरोप लगा रहे थे, परंतु पुलिस इसे सड़क हादसा मानकर अनसुना कर रही थी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नुकीली वस्तु से 15 वार किए जाने की बात सामने आने के बाद पुलिस ने मौसेरे भाई सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है. पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के मौसेरे भाई के बेटे को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है.

एक्सीडेंट की हालत में मिली थी कार : एएसआई कृष्ण कुमार को गंभीरावस्था में एक प्राइवेट अस्पताल में दाखिल कराया गया था. उनकी कार रणबीर सिंह हुड्डा चौक से कुछ दूरी पर एक्सीडेंट की हालत में मिली थी. 11 मई को इलाज के दौरान कृष्ण कुमार की मौत हो गई थी. पुलिस ने इसे सड़क हादसा मानते हुए सामान्य कार्यवाही करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया था. बाद में राजकीय सम्मान के साथ मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया था. मृतक के परिजन शुरू से ही आरोप लगा रहे थे कि एक महिला और उसके परिजनों ने मिलकर उसकी हत्या की है, लेकिन पुलिस उनकी एक नहीं सुन रही थी. पुलिस ने सड़क हादसा मानकर शव का पोस्टमार्टम कराया था. अस्पताल से मिली मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार मृतक के शरीर पर नुकीली वस्तु से 15 बार वार किए जाने की बात सामने आई है. इसके बाद हरकत में आई जाटूसाना पुलिस ने हत्या का केस दर्ज करते हुए नैनसुखपुरा निवासी जतिन कुमार को गिरफ्तार किया है.

मां के बयान पर बदली गई एफआईआर : मृतक की मां संतोष देवी ने पुलिस को दर्ज शिकायत में बताया कि उसका बेटा 10 मई की रात को उसके पास आया था. वो खून से लथपथ था. उसके बेटे ने उसे बताया था कि नैनसुखपुरा निवासी सुमन ने उसे फोन कर अपने घर बुलाया था. वहां पहुंचने पर उसे जबरन शराब पिलाई गई. इसके बाद सुमन, उसके पति मनोज, शेरसिंह और बेटे जतिन ने उस पर नुकीले हथियार से कई बार वार किए. संतोष ने आरोप लगाया कि चारों ने मिलकर उसके बेटे की हत्या की है. पुलिस ने संतोष के बयान व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामला हत्या में तब्दील कर दिया है. डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने बताया है कि पीएमआर और मृतक की मां के बयान पर पुलिस ने सड़क हादसे में दर्ज मामले को हत्या में तब्दील कर दिया है. चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं. मामले में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.

हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर ख़बर, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App