हरियाणा में ट्रेड यूनियनों का राष्ट्रव्यापी हड़ताल बेअसर, पुलिस बंदोबस्त के बीच स्ट्राइक पड़ी फीकी, रोडवेज की बसें दौड़ीं फुल स्पीड
हरियाणा में ट्रेड यूनियनों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल बेअसर रही. पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में थी. इस बीच रोडवेज बसें सुचारू नजर आईं.

Published : February 12, 2026 at 2:43 PM IST
चरखी दादरी/ भिवानी/ सिरसा: हरियाणा में ट्रेड यूनियनों के राष्ट्रव्यापी हड़ताल बेअसर दिखा. प्रदेशभर में ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर आयोजित राष्ट्रव्यापी हड़ताल का चरखी दादरी में खास असर देखने को नहीं मिला. सुबह से ही सरकारी विभागों के कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर मौजूद रहे. रोडवेज की बसें भी सभी रूटों पर सुचारू रूप से चलती रहीं. हालांकि कर्मचारियों ने बस स्टैंड परिसर में धरना देकर रोष प्रदर्शन करने की बात कही, लेकिन परिवहन व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई.
दादरी में हड़ताल का नहीं दिखा कोई असर: दादरी में रोडवेज महाप्रबंधक नवीन शर्मा ने कहा, “राष्ट्रव्यापी हड़ताल का दादरी में अभी तक कोई असर नहीं है. अल सुबह से ही बसों का संचालन किया जा रहा है. विभाग के सिर्फ तीन कर्मचारी ही हड़ताल पर हैं, बावजूद इसके सभी रूटों पर बसों का संचालन सामान्य है. आमजन अपनी यात्रा निःसंकोच कर सकते हैं.”
भिवानी में निर्धारित रूटों पर चलती दिखी बसें: वहीं, भिवानी में भी 11 ट्रेड यूनियनों की हड़ताल का रोडवेज सेवाओं पर कोई खास असर नहीं पड़ा. रोडवेज बेड़े की 229 बसें निर्धारित रूटों पर चलती रहीं. प्रशासन ने पहले ही कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी थीं, जिससे संचालन प्रभावित न हो. एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती की गई ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न फैले.
रद्द कर दी गई कर्मचारियों की छुट्टियां: इस बारे में रोडवेज जीएम दीपक कुंडू ने कहा, “हड़ताल के ऐलान को देखते हुए कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द की गई थीं. परिवहन सेवा पूरी तरह सुचारू है और हड़ताल का कोई असर नहीं है.” वहीं, रोडवेज यूनियन प्रधान नरेंद्र दिनोद ने कहा, “कुछ विभागों को छोड़कर हड़ताल जारी है और कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं.” इसके साथ ही कामरेड ओमप्रकाश ने कहा, “सरकार कर्मचारियों की मांगों को अनदेखा कर रही है, जिसके चलते विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा.”
सिरसा भारी पुलिस बल के बीच 100% बस संचालन: वहीं, सिरसा जिले के डबवाली डिपो में भी हड़ताल का असर न के बराबर रहा. सुबह 2:30 बजे दिल्ली और चंडीगढ़ के लिए बसें निर्धारित समय पर रवाना हुईं. हालांकि कुछ कर्मचारियों ने बसों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी के कारण वे सफल नहीं हो सके. डिपो परिसर में पुलिस और एंबुलेंस की तैनाती भी की गई थी.
बिना किसी रुकावट के रवाना हुई बसें: सिरसा रोडवेज के यातायात प्रबंधक सुधीर कुमार ने कहा, “सिरसा और डबवाली डिपो से करीब 250 बसें रोजाना चलती हैं और आज 100 फीसदी बसों का संचालन हुआ है. सुबह 2:30 बजे की बसें भी बिना किसी रुकावट के रवाना हुईं. कर्मचारियों से हड़ताल में शामिल न होने की अपील की गई थी, जिसके चलते बहुत कम कर्मचारियों ने भाग लिया.कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन से पहले ही आग्रह किया गया था, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई.”
यूनियनों का आरोप: जहां एक ओर प्रशासन हड़ताल को बेअसर बता रहा है, वहीं, कर्मचारी संगठनों ने सरकार पर दबाव बनाने का आरोप लगाया है. हरियाणा परिवहन कर्मचारी संघ के जिला प्रधान पृथ्वी सिंह ने कहा, “रोडवेज कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार सुनवाई नहीं कर रही. आज राष्ट्रव्यापी हड़ताल और चक्का जाम था, लेकिन भारी पुलिस बल के चलते प्रशासन ने जबरन बसों को रवाना किया. हमारे यूनियन के साथी इकट्ठा होकर सरकार के खिलाफ आंदोलन को तेज करेंगे. जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होतीं, विरोध जारी रहेगा.”
प्रदेशभर में परिवहन सेवा सामान्य: प्रदेश के तकरीबन सभी जिलों में राष्ट्रव्यापी हड़ताल का हरियाणा रोडवेज पर असर नहीं पड़ा. जहां-जहां धरने और प्रदर्शन हुए, वहां भी बस संचालन सामान्य रहा. पुलिस प्रशासन की सतर्कता और विभागीय तैयारी के चलते परिवहन व्यवस्था सुचारू बनी रही. हालांकि यूनियनें अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कह रही हैं, लेकिन फिलहाल आमजन को परिवहन सेवाओं में किसी बड़ी बाधा का सामना नहीं करना पड़ा.

