कुरुक्षेत्र बैठक में गरजे मंत्री कृष्ण लाल पंवार, दो फूड इंस्पेक्टरों की गिरफ्तारी के दिए आदेश, बोले- "दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई"
कुरुक्षेत्र कष्ट निवारण समिति बैठक में मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने दो खाद्य निरीक्षकों की गिरफ्तारी के आदेश दिए.

Published : June 23, 2026 at 3:26 PM IST
कुरुक्षेत्र: जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में हरियाणा सरकार ने लापरवाही और भ्रष्टाचार के मामलों पर सख्त रुख अपनाया. लघु सचिवालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने की. बैठक में कुल 11 शिकायतों पर सुनवाई हुई, जिनमें से 6 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि 5 मामलों को आगे की कार्रवाई के लिए लंबित रखा गया.
छह शिकायतों का मौके पर निपटारा: बैठक के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि, "बैठक में लंबित मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई है. संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी शिकायतों का जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए." उन्होंने जिला प्रशासन, अधिकारियों और समिति के सदस्यों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि, "सभी के सहयोग से शिकायतों का प्रभावी निस्तारण किया जा रहा है."

दो खाद्य निरीक्षकों की गिरफ्तारी के आदेश: बैठक में लाडवा में तैनात खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के दो निरीक्षकों के मामले पर भी चर्चा हुई. मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि, "दोनों अधिकारियों को पहले ही निलंबित किया जा चुका है. अब नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उनकी तत्काल गिरफ्तारी के आदेश दिए गए हैं. सरकार भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरतेगी."
सहकारी विभाग के मामले की जांच जारी: सहकारी विभाग से जुड़ी एक शिकायत पर मंत्री ने बताया कि, "संबंधित विभाग ने जांच पूरी करने के लिए समय मांगा है. संबंधित प्रबंधक को पहले ही निलंबित किया जा चुका है और मामले की निष्पक्ष जांच जारी है. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी."
चैनत गांव की पानी समस्या पर सरकार गंभीर: चैनत गांव में पेयजल समस्या को लेकर चल रहे धरने पर पूछे गए सवाल के जवाब में मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि, "लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने और विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार है. सरकार पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से काम कर रही है."
बता दें कि बैठक में थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा, शाहाबाद विधायक रामकरण काला, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा जिला कष्ट निवारण समिति के सदस्य भी उपस्थित रहे.
ये भी पढ़ें: करनाल के बसताड़ा टोल प्लाजा पर MLFF लागू, चुनिंदा वाहनों को मिलेगी टोल टैक्स में छूट, जाम से मिलेगी राहत

