ETV Bharat / state

पंचकूला में मंत्री कृष्ण लाल पंवार का एक्शन, 5 शिकायतों का मौके पर निपटारा, अवैध खनन-अतिक्रमण पर सख्ती

पंचकूला में मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने पांच शिकायतों का मौके पर निपटान किया. साथ ही अवैध खनन, अतिक्रमण पर सख्ती के निर्देश दिए.

KRISHAN LAL PANWAR PANCHKULA
पंचकूला में मंत्री कृष्ण लाल पंवार का एक्शन (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : July 1, 2026 at 10:48 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

पंचकूला: हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने सेक्टर-1 स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता की. इस दौरान उन्होंने कुल सात शिकायतों में से पांच का मौके पर ही निपटान किया, जबकि बाकी दो शिकायतों के जल्द समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. इस मौके पर जिला उपायुक्त सतपाल शर्मा, पंचकूला के विधायक चंद्रमोहन और कालका की विधायक शक्ति रानी शर्मा भी मौजूद रहीं.

अवैध खनन में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई: इस दौरान गांव खेड़ावाली (कालका) निवासी व्यक्ति द्वारा खसरा नंबर 1 से 5 तक निर्धारित सीमा से अधिक गहराई तक अवैध खनन किए जाने की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मंत्री पंवार ने पुलिस अधिकारियों को नाकों की संख्या बढ़ाने और नियमित गश्त करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि, "खनन मंत्री होने के नाते वह स्वयं उपायुक्त के साथ मौके का निरीक्षण करेंगे. यदि विभाग के किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही पाई गई तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी."

KRISHAN LAL PANWAR PANCHKULA
पंचकूला में मंत्री कृष्ण लाल पंवार (ETV Bharat)

अन्य जगहों की दवाई लिखी तो चिकित्सक पर एफआईआर दर्ज: वहीं, एनएच फार्मास्यूटिकल, पंचकूला, पेट केमिस्ट शॉप एवं पार्लर एवं पेट एनिमा मेडिकल सेंटर द्वारा राजकीय पशु चिकित्सालय, सेक्टर-3 में कथित अनियमितताओं संबंधी शिकायत पर मंत्री ने कहा कि, "आगामी दो माह तक एसडीएम पंचकूला पूरे मामले की निगरानी करेंगे." उन्होंने निर्देश दिए कि यदि इस दौरान अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा मरीजों को चंडीगढ़ या अन्य स्थानों से दवाइयां खरीदने के लिए पर्ची लिखी जाती है तो संबंधित चिकित्सक के विरुद्ध एफआईआर तक दर्ज कराई जा सकती है. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. शिकायतकर्ता भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता की जानकारी सीधे उपायुक्त या एसडीएम पंचकूला को दे सकते हैं.

मकानों के पीछे अवैध रैंप-बगीचे और गेट: इसके अलावा सेक्टर-11 निवासी ने शिकायत दी कि कुछ मकान मालिकों ने घरों के पिछले हिस्से में अवैध रूप से रैंप, बगीचे और पीछे के गेट बनाए हैं, जिससे सड़क संकरी हो गई है और आवागमन में असुविधा हो रही है. शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मंत्री ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के संपदा अधिकारी से की गई कार्रवाई का विवरण मांगा. इस पर संपदा अधिकारी ने बताया कि सेक्टर-11 में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर शिकायत में उल्लिखित दोनों मकानों के पीछे बनाए गए अवैध रैंप एवं रोड बर्म हटा दिए गए हैं. वहीं, मंत्री ने निर्देश दिए कि एचएसवीपी एवं नगर निगम अपनी-अपनी अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि की मार्किंग करवाकर वहां बोर्ड लगवाएं. उन्होंने स्पष्ट किया कि एक इंच भी अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

डंगा (तटबंध) निर्माण की मांग: सेक्टर-26 निवासी ने शिकायत में बताया कि गांव बड़ौना खुर्द में उनकी कृषि भूमि के साथ बरसाती नदी बहती है, जिससे प्रतिवर्ष भूमि का कटाव हो जाता है. उन्होंने कटाव रोकने के लिए डंगा (तटबंध) निर्माण की मांग की. इस पर मंत्री ने सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए. विभाग के कार्यकारी अभियंता ने बताया कि इस कार्य के लिए आवश्यक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है और बुधवार से काम शुरू कर दिया जाएगा.

सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण की जांच करेगी समिति: गांव रैला, सेक्टर-12 निवासी ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण और नगर निगम पंचकूला की भूमि पर अवैध निर्माण एवं रास्ते पर अतिक्रमण की शिकायत की. दोनों पक्षों को सुनने के बाद मंत्री ने नगर निगम आयुक्त, एचएसवीपी के संपदा अधिकारी, तहसीलदार पंचकूला और एक एमिनेंट पर्सन को शामिल करते हुए एक समिति गठित करने के निर्देश दिए. यह समिति मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट पेश करेगी.

दहेज मामले में निष्पक्ष जांच की: वहीं, सेक्टर-15 निवासी ने अपनी बेटी के ससुराल पक्ष द्वारा दहेज मांगने के मामले में निष्पक्ष जांच, संशोधित एफआईआर में छह लाख रुपये की राशि एवं दहेज संबंधी तथ्यों को शामिल करने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की. इस पर मंत्री ने शिकायतकर्ता को आश्वस्त किया कि उनकी बेटी को न्याय अवश्य मिलेगा. उन्होंने मामले की जांच पुलिस उपायुक्त की निगरानी में कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए.

ये भी पढ़ें:'जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं'- करनाल में कष्ट निवारण समिति की बैठक में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा का सख्त संदेश