हरियाणा के "गब्बर" का ममता पर तीखा प्रहार, बोले- "दीदी के राज में महिलाएं असुरक्षित, बंगाल बना अपराधियों का गढ़"
अनिल विज ने बंगाल की सीएम ममता बनर्जी पर हमला बोला. साथ ही बंगाल को अपराधियों का गढ़ बताया.

Published : December 30, 2025 at 4:04 PM IST
अंबाला: हरियाणा के गब्बर अनिल विज ने एक बार फिर पश्चिम बंगाल की सीएम पर हमला बोला है. दरअसल, हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि, "महिला मुख्यमंत्री के शासन में ही अगर महिलाएं सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं तो यह सरकार की नाकामी को दर्शाता है.पश्चिम बंगाल में महिला अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है. एक महिला मुख्यमंत्री होते हुए भी राज्य में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित न कर पाना गंभीर सवाल खड़े करता है."
अपराधियों का गढ़ बनता पश्चिम बंगाल: अनिल विज यहीं नहीं रुके. उन्होंने आगे कहा कि, "पश्चिम बंगाल सरकार अपने किसी भी दायित्व का सही ढंग से निर्वाह नहीं कर रही है.इसी वजह से राज्य में अपराध का ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है. बंगाल अब अपराधियों का गढ़ बनता जा रहा है, जहां कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है. सरकार की कमजोर नीतियों और ढीले प्रशासन का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है."
घुसपैठ पर भी सरकार को घेरा: विज ने पश्चिम बंगाल में घुसपैठ का मुद्दा उठाते हुए कहा कि, "वहां ऐसे लोगों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, जिनका हमारे देश पर कोई अधिकार नहीं है." विज ने दावा किया कि घुसपैठियों की सबसे अधिक संख्या पश्चिम बंगाल में है, जिससे न सिर्फ कानून-व्यवस्था बिगड़ रही है बल्कि सामाजिक संतुलन भी प्रभावित हो रहा है.उन्होंने इस स्थिति के लिए सीधे तौर पर बंगाल की राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया.
बंगाल सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप: कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि, "पश्चिम बंगाल सरकार जनता की समस्याओं के प्रति पूरी तरह असंवेदनशील हो चुकी है.अपराध, महिला सुरक्षा और घुसपैठ जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार आंखें मूंदे बैठी है. अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो हालात और भी भयावह हो सकते हैं."
अंबाला में अंडरपास को लेकर बड़ी घोषणा: राजनीतिक बयान के साथ-साथ अनिल विज ने अंबाला छावनी के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा भी की. उन्होंने कहा कि, "रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के बीच अंडरपास बनाया जाएगा. बीच में जीटी रोड होने के कारण यात्रियों को सड़क पार करने में भारी परेशानी होती है, जिसे देखते हुए यह फैसला लिया गया है."
एनओसी और निर्माण प्रक्रिया पर अपडेट: विज ने बताया कि, "अंडरपास के लिए हरियाणा सरकार और उत्तर रेलवे की ओर से एनओसी मिल चुकी है. अब नेशनल हाईवे अथॉरिटी जल्द ही इसका नक्शा तैयार करेगी. इसके बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा. अंडरपास बनने से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी. अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन उत्तर भारत के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में से एक है. अंडरपास बनने से यात्रियों को स्टेशन तक आने-जाने में सुरक्षित और सुगम मार्ग मिलेगा, जिससे ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं की समस्या भी कम होगी."
नए साल पर भारतीय परंपरा का हवाला: साल 2026 के आगमन और नई योजनाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर अनिल विज ने कहा कि, "एक जनवरी भारतीय परंपरा के अनुसार नया साल नहीं है. जब हमारे देश का पारंपरिक नया साल आएगा, तब उसकी योजना बनाई जाएगी."
ये भी पढ़ें:हरियाणा के श्रम विभाग में 1500 करोड़ रुपए का घोटाला, खुद अनिल विज ने पकड़ा, CM से उच्चस्तरीय जांच की सिफारिश

