ETV Bharat / state

हरियाणा में HTET लेवल-3 एग्जाम संपन्न, कड़ी चेकिंग के बीच बाल तक खुलवाए गए, रेवाड़ी में परीक्षार्थियों का हंगामा

हरियाणा के 19 जिलों में आज हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET ) का आयोजन किया गया. रेवाड़ी में परीक्षार्थियों ने हंगामा किया है.

Haryana HTET Level 3 Exam Update Sirsa Rohtak Charkhi Dadri
हरियाणा के 19 जिलों में HTET लेवल-3 एग्जाम संपन्न (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : July 4, 2026 at 5:49 PM IST

|

Updated : July 4, 2026 at 10:31 PM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

सिरसा/रोहतक/चरखी दादरी : हरियाणा के 19 जिलों में आज हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) की लेवल 3 परीक्षा का आयोजन किया गया. दोपहर तीन बजे से एग्जाम की शुरुआत हुई जो शाम को साढ़े पांच बजे तक चली. प्रदेशभर के 238 परीक्षा केंद्रों पर 73,091 अभ्यर्थियों के शामिल होने का अनुमान है. परीक्षा को नकलमुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था और 128 उड़नदस्तों की तैनाती की गई थी. वहीं रेवाड़ी में परीक्षार्थियों ने हंगामा किया है.

परीक्षार्थियों की हुई सख्त चेकिंग : इस वर्ष HTET के लिए कुल 2,33,294 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है. इनमें 1,66,137 महिला और 67,157 पुरुष अभ्यर्थी शामिल हैं. हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) के लिए एग्जाम सेंटर पर दोपहर साढ़े 12 बजे से एंट्री शुरू हो गई थी. इस दौरान अभ्यर्थियों को सख्त नियमों के चलते कई परेशानियों को सामना भी करना पड़ा. कई परीक्षार्थियों की चूड़ी, रबर हेयरबैंड और कलावा तक उतरवा लिया गया. तब कहीं जाकर उन्हें परीक्षा में प्रवेश मिला. हिसार में महिला परीक्षार्थियों के बाल तक खुलवाकर चेकिंग की गई. एग्जाम सेंटर पर दोपहर 2 बजे तक एंट्री करनी थी, ऐसे में कई परीक्षार्थी और उनके पैरेंट्स लेट होने के चलते दौड़ते हुए परीक्षा सेंटर पहुंचते नज़र आए.

हरियाणा के 19 जिलों में HTET लेवल-3 एग्जाम संपन्न (ETV Bharat)

रेवाड़ी में हंगामा : रेवाड़ी जिले में आज 14 परीक्षा केंद्रों पर HTET लेवल 3 पीजीटी की परीक्षा थी. इस दौरान दिल्ली रोड स्थित परीक्षा केंद्र में हंगामा खड़ा हो गया. सूरज पब्लिक स्कूल में परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों ने परीक्षा प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए जमकर बवाल काटा. इस दौरान 22 से अधिक परीक्षार्थियों ने परीक्षा का बहिष्कार भी कर दिया. सूचना मिलते ही रेवाड़ी जिला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया गया. मिली जानकारी के अनुसार एग्जाम के बाद रेवाड़ी के सूरज स्कूल में प्रश्न पत्र और ओएमआर शीट में सीरियल नंबर मिसमैच होने के चलते हंगामा हुआ. काफी देर चले हंगामे के बाद स्टाफ ने दोबारा परीक्षा कराने की बात रखी. इस केंद्र पर कुल 524 में से 22 परीक्षार्थियों का 5:30 बजे दोबारा एग्जाम शुरू कराया गया जो रात 8 बजे तक चला.

Haryana HTET Level 3 Exam Update Sirsa Rohtak Charkhi Dadri
रेवाड़ी में सीरियल नंबर मिसमैच होने पर परीक्षार्थियों का हंगामा (ETV Bharat)

सिरसा में परीक्षा संपन्न : हरियाणा के सिरसा में भी एचटेट लेवल 3 परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई. जिले में परीक्षा के लिए कुल 24 केंद्र बनाए गए थे. परीक्षार्थियों को ज्यादा से ज्यादा सुविधा देने के लिए आसपास के गांव में जहां बसों को चलाया गया, वहीं एक इंस्पेक्टर की ड्यूटी भी लगाई गई थी. इसके साथ साथ हेल्प डेस्क भी स्थापित किया गया था ताकि परीक्षार्थियों को कोई असुविधा ना हो. परीक्षा देने आए परीक्षार्थियों का कहना है कि उन्होंने अच्छे से परीक्षा की तैयारी की है. इस बीच सिरसा रोडवेज के महाप्रबंधक अजय दलाल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि आज परीक्षा का पहला दिन है. आज के लिए 13 केंद्र बनाए गए थे. उन्होंने बताया कि इसके लिए रोडवेज विभाग ने पूरी तैयारी की थी. परीक्षार्थियों को ज्यादा से ज्यादा सुविधा देने के लिए आसपास के गांव में बसों को चलाया गया है.

रोहतक में एचटेट परीक्षा (ETV Bharat)

रोहतक में एचटेट परीक्षा : हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा यानी HTET को लेकर रोहतक में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर दिखा. आज और कल होने वाली परीक्षा के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. जिले के 27 परीक्षा केंद्रों पर कुल 16 हजार 470 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए 32 अधिकारियों के साथ 6 उड़नदस्तों की तैनाती की गई है। वहीं परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटोस्टेट की दुकानों को भी बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं. परीक्षा की निगरानी के लिए 32 अधिकारियों और 6 उड़नदस्तों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी या नकल की कोशिश पर तुरंत कार्रवाई की जा सके. परीक्षा के दौरान इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, सामान्य घड़ी, ब्लूटूथ डिवाइस, कानों की बालियां और पेन ले जाने पर प्रतिबंध है. हालांकि महिला अभ्यर्थियों को मंगलसूत्र और बिंदी पहनने की अनुमति दी गई है.

चरखी दादरी में परीक्षा संपन्न : हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के पहले दिन आज पीजीटी लेवल-3 की परीक्षा संपन्न हुई. परीक्षा को पूरी तरह से निष्पक्ष, पारदर्शी और नकल रहित बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे. परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखी गई और सघन चेकिंग के बाद ही उन्हें अंदर प्रवेश दिया गया. बता दें कि चरखी दादरी जिले में परीक्षा के सफल संचालन के लिए कुल 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे जिनमें से आज 7 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन किया गया. परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था.

तीनों स्तरों के अनुसार अभ्यर्थियों की संख्या इस प्रकार है:

  • लेवल-1 (PRT): 41,062 अभ्यर्थी
  • लेवल-2 (TGT): 1,19,141 अभ्यर्थी
  • लेवल-3 (PGT): 73,091 अभ्यर्थी

परीक्षा का पूरा शेड्यूल

  • 4 जुलाई: लेवल-3 (PGT), दोपहर 3:00 बजे से 5:30 बजे तक
  • 5 जुलाई: लेवल-2 (TGT), सुबह 10:00 बजे से 12:30 बजे तक
  • 5 जुलाई: लेवल-1 (PRT), दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक

हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर ख़बर, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App

ये भी पढ़ें : Exclusive: HTET को लेकर बोर्ड अध्यक्ष का बड़ा अपडेट, परीक्षा के नियम बताए, अभ्यर्थियों को दी अहम सलाह

ये भी पढ़ें : चंडीगढ़ में बोले धर्मेंद्र प्रधान, "छात्रों को गुमराह कर रहा विपक्ष, सफलतापूर्वक संपन्न हुई नीट परीक्षा"

ये भी पढ़ें : 'प्लीज इस बार पेपर लीक मत करवाना', NEET री-एग्जाम के बाद अभ्यर्थी बोले- 'पिछली बार से टफ थे सवाल'

Last Updated : July 4, 2026 at 10:31 PM IST