हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला: 69 शहरों में 1.67 लाख एकड़ जमीन खरीदेगी, ई-भूमि पोर्टल से करें आवेदन
हरियाणा सरकार 69 शहरों में 1.67 लाख एकड़ जमीन खरीदेगी. इसे लेकर इच्छुक ई-भूमि पोर्टल पर 30 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं.

Published : February 27, 2026 at 4:14 PM IST
पंचकूला: हरियाणा सरकार अब प्रदेश में भू-मालिकों की सहमति से 69 शहरों में लगभग 1.67 लाख एकड़ जमीन खरीदने की तैयारी में है. प्रदेश सरकार के अनुसार इस जमीन को खरीद कर आवासीय, वाणिज्यिक और संस्थागत क्षेत्रों के विकास की योजना बनाई गई है.
पहले चरण में खरीदी जाएगी 40 हजार एकड़: इसके तहत पहले चरण में 13 शहरों में लगभग चालीस हजार एकड़ जमीन खरीदी जाएगी. भू-मालिक अपनी सहमति और जमीन की पेशकश ई-भूमि पोर्टल http://ebhoomi.jamabandi.nic.in पर कर सकते हैं.
चिन्हित क्षेत्र/जिला/कस्बा: हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) द्वारा जिन क्षेत्र, जिलों और कस्बों को चिन्हित किया गया, उनमें- गुरुग्राम, पिंजौर-कालका, कोट-बेहला, लाडवा, घरौंडा, अंबाला, नारायणगढ़, पिहोवा, फरीदाबाद, होडल, हांसी, नरवाना और समालखा के अनेक क्षेत्र शामिल हैं. वहीं, सभी जगहों पर क्षेत्रफल (एकड़) के अनुसार तय किया गया है. इसके तहत गुरुग्राम में 17358.13, पिंजौर-कालका में 3914.48, कोट-बेहला में 2804.6, लाडवा में 459.25, घरौंडा में 329, अंबाला में 3668, नारायणगढ़ में 512, पिहोवा में 686.76, फरीदाबाद में 4500, होडल में 1729.09, हांसी में 1494.78, नरवाना में 2171.92 और समालखा में 498.96 क्षेत्रफल (एकड़) जमीन खरीदी जानी है.
योजना 30 अप्रैल 2026 तक: इन सभी क्षेत्रों के इच्छुक भू-मालिक/भू- संग्राहक ई-भूमि वेबसाइट ebhoomi.jamabandi.nic.in पर जा सकते हैं और उद्देश्य के लिए अपनी भूमि की पेशकश करने के लिए अपनी रूचि प्रस्तुत कर सकते हैं. इनसे रूचि प्रस्ताव स्वीकार करने के लिए ई-भूमि पोर्टल, 30 अप्रैल 2026 (दो महीने) तक खुला रहेगा.
यहां से संपूर्ण जानकारी लें: हरियाणा सरकार की इस योजना के संबंध में संपूर्ण जानकारी हासिल करने के लिए इच्छुक लोग ई-भूमि वेबसाइट http://www.hsvphry.org.in पर जा सकते हैं या फिर वेबसाइट पर क्षेत्र के अनुसार दिए गए संपर्क नंबरों या क्यू आर कोड को स्कैन कर जानकारी ले सकते हैं.

