खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री राजेश नागर का बड़ा बयान, 92% गेहूं उठान पूरा, 4000 नए राशन डिपो जल्द होंगे अलॉट
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने दावा किया है कि अबतक 92% गेहूं उठान हो चुका है.

Published : May 12, 2026 at 5:35 PM IST
चंडीगढ़ः हरियाणा के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री राजेश नगर ने कहा कि "प्रदेश की अनाज मंडियों में 92 प्रतिशत गेहूं का उठान पूरा हो चुका है, और शेष उठान कार्य भी तेजी से किया जा रहा है." उन्होंने कहा कि "किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है."
गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर सैकड़ों मामले दर्जः मंत्री राजेश नगर ने एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि "हरियाणा में किसी प्रकार की कालाबाजारी नहीं है. जहां भी अनियमितता की शिकायत सामने आई, वहां सख्त कार्रवाई की गई और सैकड़ों मामले दर्ज किए गए हैं."
राशन डिपो आवंटन में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षणः इसके साथ ही उन्होंने बताया कि "प्रदेश में जल्द ही 4000 नए राशन डिपो अलॉट किए जाएंगे. खास बात यह है कि इनमें 33 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं को दिया जाएगा, जिससे महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता का बड़ा अवसर मिलेगा." मंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है और भविष्य में भी किसी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा."
हरियाणा में अनाज भंडारण क्षमता बढ़ाने की तैयारीः अनाज मंडियों में बरसात के दौरान गेहूं भीगने की समस्या को लेकर मंत्री ने कहा कि "ऐसी स्थिति में अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है, ताकि किसानों का अनाज सुरक्षित रहे और कोई नुकसान न हो." उन्होंने बताया कि "प्रदेश में जल्द नए साइलो और वेयर हाउस स्थापित किए जाएंगे, ताकि अनाज भंडारण की क्षमता बढ़े और फसल सुरक्षित रखी जा सके. इस विषय पर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बैठक हो चुकी है और केंद्र सरकार से भी आवश्यक स्तर पर चर्चा की जा चुकी है."
पीएम की अपील पर क्या बोले मंत्रीः मंत्री राजेश नगर ने अंतरराष्ट्रीय स्थिति पर बात करते हुए कहा कि "अमेरिका-ईरान युद्ध जैसे हालातों के चलते प्रधानमंत्री ने देश को सुदृढ़ रखने के लिए जनता से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से गोल्ड खरीदने से बचें और अधिक से अधिक पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करें ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े."

