हरियाणा के 12 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट, दिन और रात का टेंपरेचर गिरा, सरकारी कार्यालयों पर पड़ा असर
हरियाणा में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है. जिसका असर यातायात पर पड़ रहा है. तापमान में गिरावट दर्ज की गई है.


Published : December 22, 2025 at 7:02 AM IST
चंडीगढ़: हरियाणा में कोहरे और शीतलहर का डबल अटैक हो रहा है. ठंड बढ़ती जा रही है. प्रदेश के सभी जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है. विजिबिलिटी कम होने से रेल यातायात पर भी असर पड़ रहा है. बढ़ती धुंध से दिन और रात के तापमान में गिरावट देखी जा रही है. आने वाले दिनों में कोहरा और ज्यादा बढ़ने की संभावना है. वहीं, तापमान में गिरावट भी देखने को मिल सकती है.
महेंद्रगढ़ सबसे ठंडा जिला: रविवार देर शाम हिमाचल में हुई बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में ठंड का डबल असर हो रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक, दिसंबर के अंत तक ठंड बढ़ने की संभावना जताई जा रही है. वहीं, सबसे ठंडे जिले की बात करें तो, बीते 24 घंटे में महेंद्रगढ़ सबसे ठंडा जिला रहा है. यहां तापमान 6 डिग्री सेलस्यिस दर्ज किया गया है.

इस दिन से बदलेगा मौसम: मौसम विभाग ने सोनीपत, पानीपत, कुरुक्षेत्र, करनाल , अंबाला, यमुनानगर, कैथल, झज्जर, फरीदाबाद, नूंह, गुरुग्राम और रोहतक में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. 24 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में ठंड बढ़ने के आसार हैं. बर्फीली हवाएं चलने से तापमान गिरेगा और सूखी ठंड-पाला पड़ने की भी संभावना है.
दफ्तरों पर मौसम का असर: दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण सरकारी कार्यालयों का समय भी बदला गया है. अब गुरुग्राम में दफ्तर का समय सुबह 9.30 से शाम 5.30 बजे तक रहेगा. इसका मकसद, यातायात कम करना और प्रदूषण पर नियंत्रण पाना है.
ये भी पढ़ें: हरियाणा के 9 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, विजिबिलिटी हुई कम, वाहनों की रफ्तार हुई धीमी
ये भी पढ़ें: हरियाणा में धुंध और ठंड बढ़ी, तापमान में गिरावट, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की हेल्थ एडवाइजरी

