ETV Bharat / state

पंचकूला में खुला हरियाणा का पहला जेल प्रोडक्ट्स आउटलेट, सस्ते दामों पर मिलेगा कैदियों द्वारा तैयार सामान

Jail Products Outlet: हरियाणा का पहला जेल प्रोडक्ट्स आउटलेट पंचकूला में खोला गया है. यहां सस्ते दामों पर अच्छा सामान मिलेगा.

Jail Products Outlet
Jail Products Outlet (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : December 28, 2025 at 8:34 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पंचकूला: हरियाणा की जिलों में बंद कैदियों द्वारा तैयार किया जा रहे सामान की बिक्री के लिए आउटलेट खुलने शुरू हो गए हैं. हरियाणा का पहला जेल प्रोडक्ट्स आउटलेट पंचकूला सेक्टर 14 स्थित निदेशक कारागार, हरियाणा के कार्यालय परिसर में खोला गया. खाद्य वस्तुओं से लेकर बेकरी प्रोडक्ट्स, सौंदर्य उत्पाद और आकर्षक फर्नीचर को यहां सजाया गया है. डीजी जेल, आलोक कुमार राय द्वारा इस आउटलेट का उद्घाटन किया गया.

जेलों में बंद कैदियों द्वारा तैयार सामान: डीजी जेल आलोक राय ने बताया कि "इस आउटलेट में जितना भी सामान रखा है, उसे प्रदेश की विभिन्न जेलों में बंद कैदियों द्वारा तैयार किया गया है. यहां से कोई भी नागरिक ऑर्डर पर अपना पसंदीदा सामान खरीद सकता है. सभी प्रोडक्ट्स की कीमत की जानकारी के लिए आउटलेट में रेट लिस्ट लगाई जाएगी और साथ ही वह सभी माध्यम भी बताए जाएंगे, जिनकी मदद से लोग ऑर्डर कर सामान खरीद सकेंगे."

पंचकूला में खुला हरियाणा का पहला जेल प्रोडक्ट्स आउटलेट (Etv Bharat)

सस्ती कीमत पर अच्छी क्वालिटी: डीजे आलोक राय ने बताया कि "प्रदेश के इस पहले जेल प्रोडक्ट्स आउटलेट में जितना भी सामान रखा गया है, वह अच्छी क्वालिटी का है. विशेष बात यह है कि यहां रखा सभी सामान बाजारी कीमत के मुकाबले सस्ती दरों पर उपलब्ध है. यहां खाद्य वस्तुओं से लेकर साज-सजावट का सामान, व्यायाम के लिए उत्पाद, सौंदर्य उत्पाद और आकर्षक कुर्सियां, टेबल, मंदिर समेत स्वास्थ्यवर्धक उत्पाद भी रखे गए हैं. आउटलेट से जैसे-जैसे सामान की बिक्री होती जाएगी, उसी अनुसार नया सामान लाया जाता रहेगा."

Jail Products Outlet
सस्ते दामों में मिल रहा सामान (Etv Bharat)

प्रदेश में लगने वाले मेलों में भारी सेल: डीजी आलोक राय ने बताया कि "इस आउटलेट के खुलने से पहले भी प्रदेश में लगने वाले अलग-अलग मेलों में जेल विभाग का एक विशेष स्टॉल लगाया जाता रहा है." उन्होंने बताया कि "सूरजकुंड के अंतरराष्ट्रीय मेले में लगाए स्टॉल से करीब दो करोड़ रुपये के कीमती सामान की बिक्री हुई थी. इसके अलावा वर्ष भर प्रदेश के अन्य मेलों में भी कैदियों द्वारा तैयार सामान के स्टाल लगाए जाते हैं, जहां सामान खरीद के लिए लोगों से अच्छी खासी डिमांड देखी गई है."

Jail Products Outlet
जेलों में बंद कैदियों द्वारा सामान तैयार किया गया है. (Etv Bharat)

कैदी कर रहे काम: डीजी जेल आलोक कुमार राय ने बताया कि "पहले हाई सिक्योरिटी जेल में बंद कैदियों से काम नहीं लिया जाता था. क्योंकि उनके फरार होने का खतरा होता था. लेकिन अब नए प्रोसीजर के तहत हाई सिक्योरिटी जेल में बंद कैदियों से भी कड़ी निगरानी के बीच काम लिया जा रहा है. किसी प्रकार की कोई चूक न हो, इसके लिए ऐसे कैदियों से विभिन्न चरणों में अलग-अलग दिनों में काम कराया जा रहा है."

वोकेशनल ट्रेनिंग प्राप्त करेंगे कैदी: हरियाणा जेल विभाग ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के साथ एक एमओयू साइन किया है. इस समझौते के तहत जेलों में वोकेशनल ट्रेनिंग प्राप्त करने वाले कैदियों को एचकेआरएन पोर्टल पर रजिस्टर किया जाएगा, ताकि जेल से रिहा होने के बाद उन्हें रोजगार के अवसर मिल सकें. गुरुग्राम, अंबाला, करनाल, पानीपत और फरीदाबाद में वोकेशनल ट्रेनिंग के साथ-साथ आईटीआई कोर्स भी शुरू किए जा रहे हैं. सभी जेलों में कक्षाओं के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध करवा दिए गए हैं.

ये भी पढ़ें- हरियाणा जेल में गैंगस्टर गैंगस्टर कल्चर खत्म!, जेल महानिदेशक बोले- "अपराध और डराने-धमकाने की घटना हुई कम"