हरियाणा के बुजुर्ग एथलीट रामकिशन शर्मा का कमाल, 75 साल की उम्र में मेडलों का लगाया 'तिहरा शतक', सरकार से सहयोग की मांग
Elderly athlete Ramkishan Sharma: हरियाणा के बुजुर्ग खिलाड़ी रामकिशन शर्मा ने 75 साल की उम्र में 300 मेडल जीत कर इतिहास रचा है.

Published : December 31, 2025 at 1:33 PM IST
चरखी दादरी: संयुक्त भारतीय खेल फेडरेशन की ओर से 26 से 28 दिसंबर तक दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में 13 वें नेशनल गेम्स आयोजित किए गए. इन खेलों में हरियाणा के बुजुर्ग खिलाड़ी रामकिशन शर्मा ने 400 मीटर दौड़, 60 मीटर दौड़, 60 मीटर बाधा दौड़, लंबी कूद और त्रिकूद में पांच गोल्ड मेडल जीते हैं. इसी के साथ 75 साल के बुजुर्ग खिलाड़ी रामकिशन के 300 मेडल पूरे हो चुके हैं.
बुजुर्ग एथलीट रामकिशन शर्मा का कमाल: घर लौटने पर बुजुर्ग एथलीट रामकिशन शर्मा का जोरदार स्वागत किया गया. रामकिशन शर्मा ने बताया "9 साल पहले मैं अनाज व्यापार का कारोबार करता था. इस दौरान एक खंड स्तरीय प्रतियोगिता में मुझे गोल्ड मेडल मिला. इसके बाद खेल जीवन का हिस्सा बनाया. 65 साल की उम्र में कारोबार छोड़ कर सारा ध्यान खेल के प्रति समर्पित कर दिया."
मेडल मशीन के नाम से विख्यात हुए एथलीट: बुजुर्ग एथलीट रामकिशन शर्मा को मेडल मशीन के नाम भी जाना जाता है. माना जाता है कि वो जिस भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हैं, तो मेडल लेकर जरूर लौटते हैं. गांव के कच्चे रास्तों पर प्रैक्टिस कर उन्होंने स्टेट, नेशनल और फिर इंटरनेशनल तक का सफर तय किया है. अभी तक जितनी भी प्रतियोगिताओं में उन्होंने हिस्सा लिया है, वो खाली हाथ नहीं लौटे हैं. रामकिशन शर्मा ने इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं में 8 गोल्ड मेडल, नेशनल में 162 गोल्ड, 27 सिल्वर, 5 कांस्य और स्टेट लेवल प्रतियोगिताओं में 98 गोल्ड मेडल जीते हैं.
सरकार से आर्थिक सहायता की मांग: इस उपलब्धि के बाद भी रामकिशन शर्मा को सरकारी सहायता प्राप्त नहीं हुई है. रामकिशन शर्मा ने बताया कि वो खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने कर्ज लेकर अपने खर्चे से जाते हैं. इसलिए उन्होंने सरकारी सहायता की मांग की है, ताकि वो मेडल जीतने का सफर लगातार जारी रखें. मेडलों का तिहरा शतक बनाने व देश का नाम विदेशों में रोशन करने के बाद उनकी तमन्ना है कि राष्ट्रपति या उपराष्ट्रपति उन्हें सम्मानित करें ताकि वे प्रोत्साहित होकर अपने खेल को जारी रख सके और देश व प्रदेश के लिए और मेडल हासिल कर सके.
युवाओं से अपील: बुजुर्ग एथलीट रामकिशन शर्मा ने युवाओं से नशा ना करने और मोबाइल से दूरी बनाए रखने की अपील की है. उन्होंने कहा कि "युवाओं को खेल की तरफ ध्यान देना चाहिए, इससे वो बुराई से दूर रहते हैं और स्वस्थ्य रहते हैं. स्वस्थ्य लोगों से ही स्वस्थ्य राष्ट्र का निर्माण होगा."
ये भी पढ़ें- दादरी की वॉलीबॉल खिलाड़ी महक तक्षक का नेशनल टीम में चयन, घर पहुंचने पर जोरदार स्वागत

