UPSC चयनित युवाओं का रोहतक में सम्मान, महिपाल ढांडा ने गिनाईं शिक्षा सुधार योजनाएं, बोले- "सुपर-100 से सुपर-500 तक पहुंचेगी योजना"
रोहतक में प्रतिभा सम्मान समारोह में यूपीएससी चयनित अभ्यर्थियों को सम्मानित किया गया. इस दौरान शिक्षा मंत्री ने युवाओं को प्रेरित किया.

Published : May 22, 2026 at 5:20 PM IST
रोहतक: रोहतक स्थित जाट भवन में शुक्रवार को जाट सभा रोहतक की ओर से प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया. समारोह में यूपीएससी की सिविल सर्विसेज और भारतीय वन सेवा परीक्षा में चयनित जाट समाज के अभ्यर्थियों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे, जबकि हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे.
चयनित अभ्यर्थियों का हुआ सम्मान: समारोह के दौरान चयनित अभ्यर्थियों को स्मृति चिह्न, नकद राशि और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया. साथ ही उनके अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया.
"सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता": समारोह के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि, "सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता. निरंतर मेहनत और धैर्य से ही लक्ष्य हासिल किया जा सकता है. हरियाणा सरकार प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है. स्कूली स्तर पर मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए सुपर-100 कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिसे अब सुपर-500 तक विस्तारित करने का निर्णय लिया गया है. भविष्य में सिविल सर्विसेज समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी विशेष योजनाएं तैयार की जा रही हैं."
सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था की सराहना: शिक्षा मंत्री ने आगे कहा कि, "प्रदेश सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर विशेष ध्यान दे रही है. 2014 के बाद हरियाणा में शिक्षा क्षेत्र में नई शुरुआत हुई है. सरकारी स्कूलों के शिक्षक विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा प्रदान कर रहे हैं." हरियाणा लोक सेवा आयोग की चयन प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों को लेकर उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि, "विपक्ष का काम केवल दुष्प्रचार करना है. मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में सरकार बेहतर ढंग से काम कर रही है."
"समाज प्रतिभाओं को आगे बढ़ा रहा": पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि, "यह खुशी की बात है कि समाज प्रतिभाओं का सम्मान कर उन्हें आगे बढ़ाने का काम कर रहा है. ऐसे कार्यक्रम युवाओं को प्रेरित करते हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करते हैं."
कीर्ति पंवार और दिव्या गहलावत ने साझा किए अनुभव: वहीं, समारोह में पानीपत की कीर्ति पंवार और दिव्या गहलावत ने अपनी सफलता की कहानी साझा की.कीर्ति पंवार ने सिविल सर्विसेज परीक्षा में 304वीं रैंक हासिल की. उन्होंने कहा कि, "मेहनत और धैर्य सबसे जरूरी हैं. लगातार प्रयास करने से सफलता जरूर मिलती है.. कीर्ति ने चौथे प्रयास में सफलता हासिल की. वहीं, दिव्या गहलावत ने छठे प्रयास में 182वीं रैंक प्राप्त कर सफलता हासिल की. दोनों अभ्यर्थियों ने युवाओं को लक्ष्य तय कर लगातार मेहनत करने की सलाह दी.

