हरियाणा डीजीपी की दो टूक, बोले - "VIP सिक्योरिटी कोई तमाशा नहीं, भिखारी की तरह गिड़गिड़ाते हैं गैंगस्टर्स"
हरियाणा के डीजीपी ओपी सिंह ने दो टूक कहा है कि वीआईपी सुरक्षा उन्हें ही दी जाएगी जिन्हें असल में इनकी जरूरत है.

Published : December 28, 2025 at 6:53 PM IST
करनाल : हरियाणा के पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने दो टूक शब्दों में साफ कर दिया है कि सिक्योरिटी कोई स्टेटस सिंबल नहीं है बल्कि जीवन की सुरक्षा है और सही आंकलन के बाद ये सिर्फ उन्हें ही दी जाएगी जिन्हें असल में जान का ख़तरा है. हरियाणा में गैंगस्टर्स पर बोलते हुए कहा कि ज्यादातर एक्सटॉर्शन की कॉल बकवास होती है और गैंगस्टर्स की भाषा किसी भिखारी की तरह गिड़गिड़ाने वाली होती है.
वीआईपी सिक्योरिटी कोई तमाशा नहीं : हरियाणा के डीजीपी ओपी सिंह अपनी कार्यशैली को लेकर लगातार सुर्खियों में रहते हैं. हरियाणा में पिछले दिनों दिग्विजय चौटाला समेत 72 वीआईपी की सिक्योरिटी हटा दी गई जिसे लेकर नेताओं ने उनकी आलोचना भी की. इसे लेकर जब ओपी सिंह से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि "सिक्योरिटी देना-लेना कोई तमाशा नहीं है. ये बड़े सोच-विचार कर और इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर दिया जाता है. जिला स्तर पर एसपी, डीसीपी, सीपी हालात का मुआयना करते हैं और सीआईडी की रिपोर्ट लेते हैं.जिसको थोड़ा भी ख़तरा होता है, उसे पूरा कवर दिया जाता है. मैंने पानीपत का एक फोटो देखा जिसमें चार गनमैन ले लिए और गेस्ट बुलाए गए, बुके लिए गए और फिर गनमैन के साथ फोटो खिंचाई जा रही है. मैंने तब कहा कि इन चारों को सस्पेंड करो क्योंकि ये सिक्योरिटी ड्यूटी तो दे नहीं रहे हैं. ये जो शौकिया तौर पर पुलिस को अपने पीछा लगाना चाहते हैं, अब ऐसा नहीं होगा. जिनको दे रखा है, उनसे वसूली भी करेंगे कि पैसे भरो. जिन्हें वाकई ख़तरा है, उनको पूरी प्रोटेक्शन है."
भिखारी की तरह गिड़गिड़ाते हैं गैंगस्टर्स : डीजीपी ओपी सिंह ने गैंगस्टर्स की एक्सटॉर्शन कॉल्स पर बोलते हुए कहा कि "एक्सटॉर्शन कॉल पूरी तरह बकवास है. उस दौरान एक्सटॉर्शन मांगने वाला भिखारी की तरह गिड़गिड़ाता है कि भाईसाहब हमारा भी ख्याल कर लो, हमें भी देख लो. ज्यादातर तो ये बकवास है लेकिन हम इनकार नहीं करते हैं कि गैंगस्टर्स हैं. हम कई गैंगस्टर्स को पकड़कर भी लाएं हैं. ऐसे बदमाश सोचते हैं कि डरा-धमकाकर कमाई करें, अपना भोकाल बनाकर रखें. लेकिन कहां वो और कहां हम. 70 हजार की फोर्स है, लेटेस्ट वेपन्स हैं. सारी ताकत हमारे पास हैं. ऐसे में वो सिर्फ गिनती के हैं. हम ऐसे लोगों को पकड़ रहे हैं, जेल के अंदर तक चेक करते हैं. हमारी पुलिस ने थाना स्तर पर और जिला स्तर पर पूरे इलाके को छान मारा और सारे आदमी जो इस तरह की चीजें कर रहे हैं, उनको उठा-उठाकर जेल भेजा. 4 हजार के ऊपर हथियारबंद और गिरोह वाले लोग आज जेल में है. जो बाहर हैं, ऐसे 200 के ऊपर बेल कैंसिल करवाई गई है. जो उनकी मारक क्षमता है ग्राउंड लेवल पर, उसको कुंद करने में हम लगे हुए हैं. उनकी प्रॉपर्टी अटैच कर रहे हैं, जो अवैध अतिक्रमण कर रखे हैं, उन्हें ढहा रहे हैं."

गैंगस्टर्स के महिमामंडन पर कड़ा संदेश : गैंगस्टर्स के महिमामंडन पर कड़ा संदेश देते हुए डीजीपी ने कहा कि "जो लोग इनको डिग्लैमराइज़ कर रहे हैं. इनके गवैयों को हमने कहा कि ऐसे मत करो. अगर इन्हें आगे बढ़ाओगे तो फिर क्या करेंगे. सांप बनकर काटेंगे. क्यों उनको दूध पिला रहे हो. जो इनको फंडिंग करते हैं, जो इनके पैसे हैंडल करते हैं, जो इनको हाइड आउट देते हैं और जो इनके ऑरा को बढ़ाते हैं, हम उन सबके खिलाफ हैं."
रिश्वतखोरी पर सख्त : रिश्वतखोरी पर डीजीपी का रुख बेहद सख्त नजर आया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों को फोर्स से बाहर किया जा रहा है, जिनकी वजह से पब्लिक इंटरेस्ट प्रभावित हो सकता है. डीजीपी ने कहा कि जनता पुलिस से उम्मीद करती है कि वो अपराधियों से लड़े. अगर कोई वर्दी पहनकर अपराध करता है, तो उसे फोर्स में बनाए रखना संभव नहीं. उन्होंने दो टूक कहा“या तो अपराध छोड़ो, या वर्दी.”

हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें - हरियाणा पुलिस ने 72 वीआईपी की सुरक्षा हटाई, दिग्विजय चौटाला बोले - "सुधर जाओ DGP, तुझसे डरते नहीं ओपी सिंह"
ये भी पढ़ें - हरियाणा डीजीपी ने दिया सरप्राइज़, डिजिटल अरेस्ट की शिकायत लेकर अचानक पहुंचे साइबर थाने, पुलिसकर्मियों के उड़े होश
ये भी पढ़ें - हरियाणा DGP बोले- 'थार और बुलेट से बदमाश चलते हैं, सोचते हैं कि दादागिरी भी हो और हम फंसे भी नहीं'

