ETV Bharat / state

हरियाणा में सर्दी और कोहरे का डबल अटैक, इन जिलों में अलर्ट जारी, विजिबिलिटी जीरो होने से ट्रैफिक प्रभावित

हरियाणा में घने कोहरे की वजह से विजिबिलिटी जीरो तक पहुंच गई है. जिसके चलते सड़क और ट्रेन यातायात प्रभावित हो रहा है.

Haryana Weather report
हरियाणा में सर्दी और कोहरे का डबल अटैक (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : December 19, 2025 at 7:09 AM IST

|

Updated : December 19, 2025 at 8:54 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

चंडीगढ़: हरियाणा में शुक्रवार सुबह विजिबिलिटी जीरो होने की वजह से मौसम विभाग ने 16 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद , पानीपत, सोनीपत, करनाल, झज्जर, रेवाड़ी, फरीदाबाद गुरुग्राम, नूंह और पलवल में घने कोहरे का अलर्ट है. जबकि हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है. विजिबिलिटी में गिरावट के चलते यातायात पर भी असर पड़ रहा है.

मौसम विभाग की एडवाइजरी: मौसम विभाग के मुताबिक, हरियाणा इन दिनों घने कोहरे चपेट में है. जिसके चलते आमजन को बेवजह घरों से न निकलने की सलाह दी गई है. वहीं, ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को धीमी गति से वाहन चलाने की सलाह दी है. हालांकि किसानों के लिए घनी धुंध बेहद फायदेमंद मानी जा रही है. धुंध के इस मौसम में किसान राहत की सांस ले रहे हैं.

सबसे ठंडा जिला हिसार: वहीं, मौसम विभाग ने बताया कि तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है. बीते 24 घंटे में हिसार और नारनौल जिले में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया है. शहर का तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, दोपहर के समय 28.8 डिग्री सेल्सियस तापमान देखा गया है. राज्य में शुक्रवार सुबह का तापमान काफी कम 13 डिग्री तक दर्ज किया गया है.

20 दिसंबर तक शुष्क रहेगा मौसम: 20 दिसंबर तक मौसम शुष्क बना रहेगा. पहाड़ों पर चल रही शीत हवाओं का असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिल रहा है. मध्यम गति से चलने वाली शीतलहरों के चलते रात के तापमान में और गिरावट हो सकती है. कहीं पर बादल छाए रहेंगे तो कहीं पर घने कोहरे की वजह से तापमान नीचे जा सकता है.

22 दिसंबर से और ज्यादा बढ़ेगी ठिठुरन: मौसम विभाग के मुताबिक, 22 दिसंबर से हरियाणा में कोल्ड वेव, बादल के साथ हल्की बारिश और तापमान में तेजी से गिरावट देखी जाएगी. जिसके चलते कंपकंपी ज्यादा बढ़ने वाली है. इसलिए सर्दी से खास ख्याल रखें. गर्म कपड़े पहनें और स्वास्थ्य का ख्याल रखें. बच्चे-बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखना होगा.

ट्रेनों पर धुंध का असर: वहीं, धुंध ने जनजीवन प्रभावित किया हुआ है. जिसके चलते सबसे ज्यादा परेशानी वाहन चालकों को हो रही है. विजिबिलिटी कम होने की वजह से राज्य में कई बड़े हादसे हो चुके हैं. वहीं, ट्रेन पर भी असर पड़ रहा है. लंबी दूरी का सफर करने वाले यात्रियों को घंटों इंतजार के बाद ट्रेन मिल रही हैं. यात्रियों का कहना है कि "ठंड और धुंध के बीच स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करना पड़ राह है". वहीं, रेलवे अधीक्षक जेएस कुंडू ने बताया कि "धुंध के कारण कई रूट की ट्रेनें प्रभावित हो रही हैं. धुंध की वजह से ट्रेनें लेट हो रही हैं. यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए इस घनी धुंध के बीच ट्रेनों की रफ्तार को कम कर दिया गया है".

सर्दी के साथ बढ़ रहा प्रदूषण: वहीं, मौसम बदलाव के साथ-साथ राज्य में प्रदूषण का स्तर भी बढ़ने लगा है. जिससे एक्यूआई लेवल लगातार खराब होता नजर आ रहा है. एनसीआर में हरियाणा के कई जिले प्रदूषण से घिरे हुए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फरीदाबाद और गुरुग्राम समेत कई शहरों में एक्यूआई स्तर बढ़ता हुआ नजर आ रहा है.

धुंध में लिपटा चंडीगढ़ (Etv Bharat)

चंडीगढ़ मौसम जानकारी: वहीं, चंडीगढ़ मौसम की बात करें तो शहर में दो दिन से कोहरे ने कोहराम मचाया हुआ है. शहर में शुक्रवार सुबह की शुरुआत घनी धुंध के साथ हुई. ट्राइसिटी चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली में कोहरे से विजिबिलिटी काफी कम हो गई है. जिसके चलते वाहन की रफ्तार पर ब्रेक लगी है. आमजनजीवन भी प्रभावित हो रहा है.

धुंध में लिपटा चंडीगढ़: तो वहीं, मौसम विभाग के वैज्ञानिक शिवेंद्र सिंह ने बताया कि "आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है. धुंध का असर और बढ़ सकता है, जिसके चलते तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है. बीते दो दिनों से मौसम में काफी बदलवा आया है. शहर घनी धुंध में लिपटा हुआ है और विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम है. इसलिए वाहन चालकों को सावधानी से वाहन चलाने की सलाह दी जाती है".

ये भी पढ़ें: हरियाणा में किसानों के लिए वरदान बनी धुंध, फसल की अच्छी पैदावार की उम्मीद, किसान बोले- "परेशानी कम और फायदा ज्यादा"

ये भी पढ़ें: हरियाणा के 9 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, विजिबिलिटी हुई कम, वाहनों की रफ्तार हुई धीमी

Last Updated : December 19, 2025 at 8:54 AM IST