हरियाणा में घने कोहरे का अलर्ट, अंबाला में जीरो विजिबिलिटी, चंडीगढ़ में भी 3 दिन बाद घने कोहरे की दस्तक
हरियाणा के ज्यादातर इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की गई है. राज्य में आज सुबह 10 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.


Published : December 25, 2025 at 7:47 AM IST
चंडीगढ़: हरियाणा में कड़ाके की ठंड दस्तक दे चुकी है. ऐसे में घने कोहरे और शीतलहर के चलते मौसम विभाग ने कई जिलों में अलर्ट जारी किया है. आने वाले दिनों में जनजीवन प्रभावित रहने के आसार है. न्यू ईयर 2026 की शुरुआत घने कोहरे और हल्की बारिश से होने की संभावना है. तापमान में गिरावट की संभावना है. पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के कारण अगले 2 दिनों में तापमान के 3-5 डिग्री तक गिरने की संभावना है. मौसम विभाग ने 10 जिलों को लेकर कोल्ड वेव और घने कोहरे की चेतावनी दी है. जबकि 12 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
अंबाला में विजिबिलिटी जीरो: वहीं, अंबाला में घनी धुंध के चलते विजिबिलिटी जीरो दर्ज की गई है. जबकि तापमान 5 डिग्री तक दर्ज किया गया है. बुधवार को अच्छी धूप खिलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई थी. लेकिन गुरुवार सुबह से ही मौसम फिर बदल गया है. हालांकि किसानों के लिए घनी धुंध वरदान साबित हो रही है. सरसों की फसल की बंपर पैदावार की उम्मीद है. जिसके चलते किसान राहत की सांस ले रहे हैं.
राज्य में 10 डिग्री तापमान: हरियाणा में गुरुवार को 10 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है. हवा और नमी के कारण अंबाला में आज सुबह 5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है. क्रिसमस सेलिब्रेशन का सेलिब्रेशन आज घनी धुंध के बीच होगा. विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई है. वाहन चालकों को सावधानी से वाहन चलाने की सलाह दी गई है. रेल यातायात भी प्रभावित हो रहा है. घनी धुंध के चलते ट्रेन कई घंटे लेट हो रही हैं. ट्रेन देरी से पहुंचने पर आम जनता काफी परेशान है. सड़कों पर भी धुंध का गहरा असर पड़ा है. वाहन चालकों को भारी परेशानी हो रही है.
चंडीगढ़ मौसम अपडेट: वहीं, चंडीगढ़ की बात करें तो यहां तीन दिन की राहत के बाद गुरुवार सुबह घने कोहरे ने दस्तक दी है. वाहन चालकों को परेशानी हो रही है, विजिबिलिटी काफी कम हो गई है. दो-तीन दिनों से मौसम सामान्य बना हुआ था. जिसके चलते मौसम सुहावना बना हुआ था. दोपहर के समय काफी अच्छी धूप खिल रही थी. लेकिन आज फिर घने कोहरे की दस्तक से तापमान में भी गिरावट देखी जा रही है.
ये भी पढ़ें: ये भी पढ़ें- कोहरे के घेरे में हरियाणा , अंबाला में सीजन की सबसे हेवी फॉग, वाहन चालकों के लिए बनी चुनौती
ये भी पढ़ें: हरियाणा का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री ज्यादा, आज 10 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट

