"ताऊ, मन्ने भी जहाज में बैठा ले"...आवाज़ सुन CM चौंके, फौरन सच कर डाला सोनू का सपना
हरियाणा के जींद में सीएम नायब सिंह सैनी ने घसो गांव के रहने वाले सोनू की हेलिकॉप्टर में बैठने की ख्वाहिश फौरन पूरी कर डाली.

Published : February 19, 2026 at 4:25 PM IST
|Updated : February 19, 2026 at 7:02 PM IST
जींद : कहते हैं कि अगर दिल में सच्ची चाहत हो, तो किस्मत भी साथ देती है. जींद जिले के गांव घसो के रहने वाले सोनू के साथ कुछ ऐसा ही हुआ. घर से 200 रुपये के लिए मां से झगड़कर और पड़ोसी से बाइक मांगकर उचाना की रैली में पहुंचे सोनू ने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि सीएम उसे अपने साथ हेलिकॉप्टर में बैठाएंगे.
ताऊ सैनी, मन्ने भी जहाज में बैठा ले : जींद के उचाना में विकास रैली खत्म होने के बाद जब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी वापस फतेहाबाद जाने के लिए हेलीकॉप्टर की ओर बढ़ रहे थे, तभी भीड़ में खड़े सोनू ने देसी अंदाज में आवाज लगाई कि "ताऊ सैनी, मन्ने भी जहाज में बैठा ले!". आमतौर पर वीवीआईपी सुरक्षा के बीच ऐसी आवाजें दब जाती हैं, लेकिन सीएम नायब सिंह सैनी की सादगी देखिए उन्होंने ना केवल सोनू की आवाज सुनी, बल्कि उसे अपने पास बुलाने का इशारा भी किया. सुरक्षाकर्मी सोनू को हेलिकॉप्टर तक ले गए और फिर जो हुआ, वो सोनू के लिए किसी सपने के सच होने से कम नहीं था. सीएम सैनी ने सोनू को अपने हेलिकॉप्टर में बैठाया और वो करीब 15 से 20 मिनट तक मुख्यमंत्री के साथ हेलीकॉप्टर में बैठा रहा.
"खुशी के मारे पूरी रात नींद नहीं आई" : सोनू ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि " मैंने कहा ताऊ दो मिनट दे दे, पर उन्होंने मुझे साथ बैठा लिया. सिर पर हाथ रखा, पीठ थपथपाई और मेरा फोन नंबर भी लिया. मुझे तो ऐसा लगा जैसे साक्षात परमात्मा मिल गए हों. खुशी के मारे पूरी रात नींद नहीं आई. 12वीं पास सोनू ने मुख्यमंत्री से कहा कि वो इस बात से खुश है कि बीजेपी सरकार में गरीब के बच्चे बिना पर्ची और बिना खर्ची के नौकरी पर लग रहे हैं.

सोचा नहीं था कि ताऊ मिल जाएगा : सोनू की मां शांति देवी ने बताया कि सोनू अक्सर बीजेपी की रैलियों में जाता है और सीएम सैनी को ताऊ मानता है. उन्होंने बताया कि वो घर पर लड़-झगडक़र 200 रुपये लेकर गया था. मैंने मजाक में कहा था कि जा करवा ले अपने ताऊ से काम, और सच में उसे उसका ताऊ मिल गया. हमने कभी हेलिकॉप्टर पास से नहीं देखा था, बैठना तो बहुत दूर की बात है.
विधायक देवेंद्र अत्री की भी तारीफ : सोनू ने स्थानीय विधायक देवेंद्र चतुर्भुज अत्री की भी जमकर तारीफ की. उसने कहा कि विधायक ने उनके जैसे गरीबों के तार सीधे चंडीगढ़ (सत्ता के गलियारे) तक जोड़ दिए हैं. सोनू का कहना है कि पहले नेताओं से मिलने के लिए हजारों रुपये खर्च कर दिल्ली जाना पड़ता था, लेकिन अब मुख्यमंत्री खुद जनता के बीच आकर गले लगा रहे हैं.

हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : डच महिला बाइकर हुई हरियाणा की मुरीद, अनजान परिवार ने यूं जीता दिल, यूट्यूब पर लोगों ने खूब बरसाया प्यार
ये भी पढ़ें : कुरुक्षेत्र में उगा "बाहुबली" शलजम, ऑर्गेनिक खेती कर किसान भाईयों ने किया कमाल
ये भी पढ़ें : हवा में उगते आलू, बिना मिट्टी के 10 गुना ज्यादा हो रहा प्रोडक्शन, करनाल में आई नई क्रांति

