पंचकूला में हरियाणा CM का बड़ा एक्शन, ट्रांसफार्मर लगाने में देरी पर ठेकेदार पर FIR के निर्देश
हरियाणा के पंचकूला के मोरनी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जनसुनवाई करते हुए ठेकेदार पर एफआईआर के निर्देश दिए.

Published : June 3, 2026 at 10:55 PM IST
पंचकूला: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज, बुधवार को मोरनी स्थित राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय में जनसमस्याएं सुनीं. इस दौरान उन्होंने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया. इसके अलावा उन्होंने कहा कि प्राप्त सभी शिकायतों का संबंधित विभागों के माध्यम से शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा.
ट्रांसफार्मर लगाने में देरी पर एफआईआर: ग्राम पंचायत टिक्कर हिल्स में लो-वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए बिजली ट्रांसफार्मर लगाने में हुई देरी का कड़ा संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने बिजली विभाग को संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए. उन्होंने कार्य में लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारी के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. वहीं, कुदाना पंचायत के गांव बाबड़वाली में गली निर्माण कार्य में अनियमितताओं की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए मामले की जांच कराने के निर्देश दिए. साथ ही गली निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने के भी निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने कहा की सरकार मोरनी के हर गांव को सड़कों से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है. बीजेपी सरकार के कार्यकाल में जितनी सड़कों का निर्माण मोरनी में हुआ है, उतना कभी नहीं हुआ.

प्राथमिकता पर समाधान सुनिश्चित करें: मुख्यमंत्री ने जनसमस्याओं की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट तौर पर कहा कि उनके पास आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत को धैर्यपूर्वक सुना जाए और प्राथमिकता पर समाधान सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि अनावश्यक देरी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें. अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध ढंग से पूरा करें, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं और सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके.

समस्याओं व मांगों के समाधान के निर्देश:मुख्यमंत्री ने जनसुनवाई के दौरान मोरनी क्षेत्र के लोगों की बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन और वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से सुना. उन्होंने मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शिकायतों और मांगों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए. कहा कि सभी शिकायतों का निर्धारित समयावधि के भीतर समाधान सुनिश्चित करने और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए.

इन सड़क निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करें:समलोठा से जियाघाट वाया कुडाना घाट और भयाल-दुंदल सड़क के निर्माण कार्य में हो रही देरी की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए. कहा कि इस परियोजना के लिए शिवालिक विकास बोर्ड से लगभग 2 करोड़ 36 लाख रुपये की राशि उपलब्ध करवाई जाए. मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों के लिए सरकार के पास धनराशि की कोई कमी नहीं है और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए.
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का अपग्रेडेशन:मोरनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपग्रेड करने की मांग पर मुख्यमंत्री ने मौजूदा भवन का विस्तार कर उसे बहुमंजिला स्वरूप में विकसित करने के निर्देश दिए. कहा कि प्रस्तावित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं, ताकि आसपास के क्षेत्र के लोगों को उपचार एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए पंचकूला नहीं जाना पड़े. इसके अलावा मोरनी खंड की कुदाना पंचायत, टिक्कर हिल्स, भवनौल सहित अन्य गांवों में लो-वोल्टेज की समस्या की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बिजली विभाग के अधिकारियों को आवश्यकता अनुसार नए ट्रांसफार्मर स्थापित करने और बिजली लाइनों की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्रवासियों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके. धारला पंचायत के गांव जुलू में पेयजल बूस्टर के लिए बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग पर मुख्यमंत्री ने बिजली विभाग के अधिकारियों को शीघ्र कनेक्शन जारी करने के निर्देश दिए.
नई पेयजल पाइपलान बिछाने के निर्देश: थापली एवं मटौर पंचायत के गांवों में पेयजल समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को अधिक क्षमता वाली पाइपलाइन बिछाने के निर्देश दिए. उन्होंने विभागीय अधिकारियों को ऊंचाई पर स्थित भोज जबयाल गांव में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए. कहा कि यदि आवश्यकता हो तो ट्यूबवेल के माध्यम से भी गांव तक पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए. पोंटा पंचायत के गांव बासवाला में नदी पर ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की आवागमन सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुल निर्माण की मांग पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि प्रस्ताव प्राप्त होने के उपरांत आवश्यक कार्रवाई करते हुए परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर ख़बर, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : गुरुग्राम में सीएम सैनी का एक्शन मोड, 13 शिकायतों का मौके पर निपटारा, कांग्रेस पर भी साधा निशाना
ये भी पढ़ें : सीएम नायब सैनी ने दी करोड़ों की सौगात, 'स्वस्थ हरियाणा-समृद्ध हरियाणा अभियान' के तहत 9 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
ये भी पढ़ें : हरियाणा में दौड़ीं 80 नई इलेक्ट्रिक बसें, पानीपत में CM नायब सिंह सैनी ने दिखाई हरी झंडी

