ETV Bharat / state

"पंजाब में सिर्फ विज्ञापनों पर खर्च, धरातल पर काम नहीं", हरियाणा CM बोले- मेरे कार्यक्रमों को रोकने की हो रही कोशिश

चंडीगढ़ में एक समारोह के दौरान हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने पंजाब के कई युवाओं को भाजपा की सदस्यता दिलाई.

Several Punjab Youths Join BJP
सीएम नायब सिंह सैनी (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 21, 2026 at 2:57 PM IST

|

Updated : February 21, 2026 at 3:10 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लंबे वक्त से पंजाब की सियासत में सक्रिय दिखाई दे रहे हैं. इसी रणनीति के तहत आज उन्होंने पंजाब भाजपा के चंडीगढ़ कार्यालय में कई युवाओं को पार्टी में शामिल किया. इस दौरान सीएम ने जहां हरियाणा सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए पंजाब के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए बीजेपी का साथ देने की बात कही, वहीं उन्होंने अपने संबोधन में यह भी कहा कि "पंजाब की आप सरकार उनके पंजाब कार्यक्रमों को रोकने की कोशिश करती रहती है."

प्रधानमंत्री ने भारत को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने का किया है काम: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन की शुरुआत पंजाबी भाषा में करते हुए कहा कि "उनका परिवार लगातार बढ़ रहा है और यह जनता के विश्वास का परिणाम है." उन्होंने कहा कि "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने का काम किया है. देश को सड़कों के नेटवर्क से जोड़ने से लेकर युवाओं को रोजगार देने तक, केंद्र सरकार ने अनेक योजनाओं के माध्यम से विकास को गति दी है."

चंडीगढ़ में मीडिया से बात करते सीएम नायब सिंह सैनी (Etv Bharat)

'हरियाणा कैसे आगे बढ़ेगा..' : मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि "उनकी सरकार का यह तीसरा कार्यकाल है और तीसरे कार्यकाल का एक वर्ष सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है. इस दौरान हजारों युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं." उन्होंने याद दिलाया कि "जब हरियाणा और पंजाब अलग हुए थे, तब यह चर्चा होती थी कि हरियाणा कैसे आगे बढ़ेगा, लेकिन आज हरियाणा की उपलब्धियों की चर्चा पूरे देश में होती है."

पदक विजेताओं को 6 करोड़ रुपये तक की प्रोत्साहन राशि देती है सरकारः उन्होंने खेलों में हरियाणा के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि "भारत जो भी पदक लेकर आता है, उनमें सबसे अधिक हिस्सेदारी हरियाणा के खिलाड़ियों की होती है. राज्य सरकार पदक विजेताओं को 6 करोड़ रुपये तक की प्रोत्साहन राशि देती है." उन्होंने रोहतक की बेटी और भारतीय क्रिकेटर शेफाली वर्मा का उदाहरण देते हुए कहा कि "उन्हें सम्मानित करने के लिए मंत्री को उनके घर भेजा गया और डेढ़ करोड़ रुपये देकर सम्मानित किया गया."

पंजाब में बढ़ते नशे के मुद्दे पर हरियाणा सीएम चिंतितः पंजाब में बढ़ते नशे के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने चिंता जताई और कहा कि "पिछले पांच वर्षों में वहां नशे की समस्या बढ़ी है, जो युवाओं के लिए खतरा बन चुकी है." उन्होंने कहा कि "हरियाणा सरकार युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है. प्रदेश में साढ़े 12 हजार पदों पर भर्तियां निकाली गई हैं ताकि युवाओं को रोजगार मिल सके और वे नशे से दूर रहें."

'विज्ञापनों पर पंजाब में किया जा रहा है अधिक खर्च': मुख्यमंत्री ने बताया कि "हरियाणा में नशा फैलाने वाले हार्डकोर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है. उनके घर गिराए गए हैं और संपत्तियां कुर्क की गई हैं. पुलिस पूरी सतर्कता से निगरानी कर रही है." उन्होंने आरोप लगाया कि "पंजाब में विज्ञापनों पर अधिक खर्च किया जा रहा है, जबकि जमीनी स्तर पर कार्रवाई की जरूरत है."

पंजाब सरकार पर भ्रष्टाचार और नशे को बढ़ावा देने का आरोप: उन्होंने कहा कि "आने वाला समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का है और पंजाब को आगे बढ़ाने का काम भारतीय जनता पार्टी ही कर सकती है. उन्होंने पंजाब सरकार पर भ्रष्टाचार और नशे को बढ़ावा देने का आरोप लगाया. साथ ही यह भी कहा कि "कई युवा ‘डंकी रूट’ के जरिए विदेश जाने को मजबूर हो रहे हैं."

'हरियाणा सरकार ने विदेश सहयोग विभाग बनाया है': मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि "हरियाणा सरकार ने विदेश सहयोग विभाग बनाया है, जो युवाओं को विदेशों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में मदद करता है. विदेशों से आने वाली रिक्तियों का प्रचार-प्रसार किया जाता है और सरकार की मदद से युवाओं को वैध तरीके से बाहर भेजा जाता है. वर्तमान में साढ़े पांच हजार से अधिक रिक्तियां उपलब्ध हैं."

'भाजपा ही पंजाब में गैंगस्टर प्रथा को खत्म करेगी': उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब में गैंगस्टर प्रथा को खत्म करने का काम भी भाजपा ही करेगी. उनके अनुसार, "मौजूदा सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने में लगी है. अंत में उन्होंने कहा कि "पंजाब सरकार उनके पंजाब के कार्यक्रमों को रोकने की कोशिश कर रही है, मेरे आज और कल पंजाब में कार्यक्रम है. लेकिन वे मेरे कार्यक्रमों को रोकने के बजाय जनता के काम करें, क्योंकि जनता उनके कामों को देख रही है. उनको आरोप-प्रत्यारोप छोड़कर काम पर ध्यान देना चाहिए और जनता के हित में ठोस कदम उठाने चाहिए."

ये भी पढ़ें-"ताऊ, मन्ने भी जहाज में बैठा ले"...आवाज़ सुन CM चौंके, फौरन सच कर डाला सोनू का सपना
Last Updated : February 21, 2026 at 3:10 PM IST