ETV Bharat / state

हरियाणा में सूरजमुखी की खेती करने वाले किसानों को मुख्यमंत्री का तोहफा, 60 दिनों के लिए दोबारा खुलेगा पोर्टल

हरियाणा में सूरजमुखी की खेती करने वाले किसानों को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बड़ा तोहफा दिया है.

Haryana CM Nayab Singh Saini gift to sunflower farmers in Haryana
हरियाणा में सूरजमुखी की खेती करने वाले किसानों को मुख्यमंत्री का तोहफा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : June 5, 2026 at 10:25 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पंचकूला: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के किसानों को बड़ी राहत दी है. सीएम ने घोषणा करते हुए कहा कि है कि सूरजमुखी खरीद के लिए पोर्टल अगले 60 दिनों के लिए दोबारा खोला जाएगा. मुख्यमंत्री ने ये घोषणा शुक्रवार को पंचकूला में जाईका वित्तपोषित सतत् बागवानी संवर्धन परियोजना का शुभारंभ और पर्यावरण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान की.

60 दिनों के लिए पोर्टल खुला : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कुछ किसान विभिन्न कारणों से सूरजमुखी बिक्री के लिए समय पर पंजीकरण नहीं करा सके थे. राज्य सरकार ऐसे किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और ये सुनिश्चित करेगी कि कोई भी पात्र किसान अपनी उपज बेचने के अवसर से वंचित न रहे. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोर्टल को अगले 60 दिनों के लिए दोबारा खोला जाए, ताकि किसान अपना पंजीकरण करवा सकें. उन्होंने अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वाकांक्षी परियोजनाएं लागू कर रही है. उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि पिपली चिड़ियाघर का 70 करोड़ रुपये और भिवानी चिड़ियाघर का 25 करोड़ रुपये की लागत से व्यापक नवीनीकरण किया जाएगा.

करोड़ों की लागत की यह घोषणाएं भी: मुख्यमंत्री ने कहा कि सरस्वती संरक्षण वन में 55 करोड़ रुपये की लागत से पक्षी विहार का निर्माण किया जाएगा, जिससे 100 से अधिक स्थानीय एवं प्रवासी पक्षी प्रजातियों को लाभ मिलेगा. उन्होंने कहा कि कलेसर राष्ट्रीय उद्यान में इको-टूरिज्म एवं वन्यजीव पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 10 करोड़ रुपये की लागत से मूलभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि स्थानीय एवं प्रवासी पक्षियों के संरक्षण और पक्षी पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सुल्तानपुर राष्ट्रीय उद्यान, भिंडावास पक्षी अभयारण्य और कोटला झील को शामिल करते हुए एक विशेष पक्षी दर्शन पर्यटन सर्किट विकसित किया जाएगा.

1.50 करोड़ पौधे और बायोडिग्रेडेबल बैग: मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि इस वर्ष वन विभाग द्वारा कुल 1.50 करोड़ पौधे रोपित किए जाएंगे. इसमें से 50 लाख पौधे निशुल्क वितरित किए जाएंगे और साथ ही विभाग की सभी नर्सरियों में पौधे उगाने के लिए उपयोग किए जा रहे प्लास्टिक बैगों को बायोडिग्रेडेबल बैगों से बदला जाएगा. उन्होंने कहा कि पौधागिरी अभियान के तहत इस वर्ष स्कूली बच्चों को 20 लाख पौधे वितरित किए जाएंगे, ताकि पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाया जा सके.

हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर ख़बर, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App

ये भी पढ़ें : पंचकूला में हरियाणा CM का बड़ा एक्शन, ट्रांसफार्मर लगाने में देरी पर ठेकेदार पर FIR के निर्देश

ये भी पढ़ें : गुरुग्राम में सीएम सैनी का एक्शन मोड, 13 शिकायतों का मौके पर निपटारा, कांग्रेस पर भी साधा निशाना

ये भी पढ़ें : हरियाणा में हाइड्रोजन ट्रेन को चलाने की मंजूरी, जींद-सोनीपत के बीच दौड़ेगी, CM ने PM मोदी को कहा थैंक्यू