'हरियाणा को विश्व की खेल राजधानी बनाने का विजन, ओलंपिक 2036 में सबसे ज्यादा पदक जीतने का लक्ष्य'- सीएम सैनी
MP Sports Festival 2025: सांसद खेल महोत्सव के समापन समारोह में सीएम ने कहा कि ओलंपिक 2036 में सबसे ज्यादा मेडल लाना हमारा लक्ष्य है.

Published : December 24, 2025 at 11:01 AM IST
कुरुक्षेत्र: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र के द्रोणाचार्य स्टेडियम में सांसद खेल महोत्सव 2025 के समापन समारोह बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विजेता खिलाड़ियों को नकद राशि व पुरस्कार देकर सम्मानित किया. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को ओलंपिक 2036 में खेल महाशक्ति के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य रखा है."
'ओलंपिक 2036 में ज्यादा मेडल का लक्ष्य': सीएम नायब सैनी ने कहा "ओलंपिक 2036 में हरियाणा के खिलाड़ी सबसे अधिक पदक जीतने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरेंगे और इस प्रदेश के खिलाड़ी धाकड़ किसान, धाकड़ पहलवान की धरा के रूप में विश्व में बनी पहचान को और आगे लेकर जाएंगे." सीएम ने कहा "इस तरह के आयोजन से ग्रामीण क्षेत्रों में छुपी प्रतिभा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उभर कर सामने आती है. खिलाड़ियों में नए जोश का संचार होता है."
सीएम ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित: इस दौरान मुख्यमंत्री ने शूटर गुरजोत सिंह और पैरा एथलेटिक्स के खिलाड़ी दिलबाग सिंह हिसार को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया. मुख्यमंत्री ने सांसद नवीन जिंदल की तरफ से खेल महोत्सव 2025 पुस्तिका का विमोचन भी किया. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस सफल आयोजन पर सांसद नवीन जिंदल और इनकी पूरी टीम को बधाई दी.
सांसद खेल महोत्सव 2025: इस सांसद खेल महोत्सव 2025 में सबसे ज्यादा एक लाख 10 हजार खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाया. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में साल भर विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने के लिए खेल कैलेंडर भी तैयार किया जाता है. इसके अनुसार खेल महाकुंभ, राज्य स्तरीय अखाड़ा दंगल, मुक्केबाजी, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, तैराकी, बास्केटबॉल, हैंड बाल इत्यादि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है.
'हरियाणा बनेगा विश्व की खेल राजधानी': सीएम ने कहा कि "हरियाणा में 11 साल पहले खेलों के लिए एक विजन विकसित किया था. वो विजन था हर बच्चे को खेल से जोड़ने का, हर गांव में खेल का मैदान बनाने का और हर उस युवा को अवसर देने का, जिसमें खेल के प्रति ललक है. इस विजन का लक्ष्य है कि हरियाणा को ना केवल भारत की, बल्कि विश्व की खेल राजधानी बनाया जाए. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज हरियाणा को खेलों की नर्सरी कहा जाता है."
सीएम ने कहा "हमारे खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया है. चाहे वो ओलंपिक खेल हों, एशियाई खेल हों या राष्ट्रमंडल खेल हों, हरियाणा के खिलाड़ियों ने हर मोर्चे पर तिरंगे को ऊंचा फहराया है. ये सांसद खेल महोत्सव आपकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का माध्यम है. ऐसी ही प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए हमने अनेक कदम उठाए हैं."
'खिलाड़ियों के लिए खेल नर्सरियां खोली': सीएम सैनी ने कहा "बचपन से ही खिलाड़ियों को तराशने के लिए प्रदेश में खेल नर्सरियां खोली हुई हैं. इनमें उन्हें वित्तीय सहायता व प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है. इस समय प्रदेश में 1 हजार 472 खेल नर्सरियां कार्यरत हैं. इनमें 37 हजार 225 खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं. इन नर्सरियों में नामांकित 8 से 14 वर्ष की आयु के खिलाड़ियों को 1500 रुपये तथा 15 से 19 वर्ष की आयु के खिलाड़ियों को दो हजार रुपये प्रतिमाह दिये जाते हैं."
'खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित रोजगार': मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित रोजगार सुनिश्चित करने के लिए हरियाणा उत्कृष्ट खिलाड़ी सेवा नियम 2021 बनाए हैं. इसके तहत खेल विभाग में 550 नए पद बनाए गए. हमने 231 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी है. खिलाड़ियों के लिए क्लास-वन से क्लास-फोर तक के पदों की सीधी भर्ती में आरक्षण का प्रावधान किया गया है. उन्होंने कहा कि हम पदक जीतने वाले खिलाडिय़ों को 6 करोड़ रुपये तक के नकद पुरस्कार देते हैं. हमने अब तक 16 हजार 418 खिलाडिय़ों को 683 करोड़ 15 लाख रुपये के नकद पुरस्कार दिए हैं. इसके अतिरिक्त उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 298 खिलाड़ियों को मानदेय भी दिया जा रहा है.
अमित शाह के हरियाणा दौरे पर प्रतिक्रिया: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के पंचकूला आगमन पर उन्होंने कहा कि "इस अवसर पर कई कार्यक्रम होंगे. 5000 पुलिस जवानों की पासिंग आउट परेड, सहकारी विभाग का कार्यक्रम, भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई जयंती व उनकी प्रतिमा का अनावरण के साथ-साथ बाल दिवस कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा."

