नए साल से पहले गुरुग्राम को CM ने दी बड़ी सौगात, करोड़ों की परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास
सीएम नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में करोड़ों की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया. साथ ही कई नई घोषणाएं कीं.

Published : December 31, 2025 at 11:46 AM IST
गुरुग्राम: गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा द्वारा आयोजित "विकसित गुरुग्राम महारैली" में मंगलवार को सीएम नायब सैनी शामिल हुए. मुख्यमंत्री सैनी ने गुरुग्राम को नए साल से पहले विकास की बड़ी सौगात दी.
करोड़ों की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास: सीएम ने 113.64 करोड़ रुपये की लागत से गुरुग्राम में छह विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. उद्घाटन में सदर बाजार में मल्टी लेवल कार पार्किंग और सेक्टर-14 में सामुदायिक केंद्र शामिल हैं. शिलान्यास के तहत सेक्टर-16 में आरएमसी मॉडल रोड व ड्रेन, सेक्टर-17ए में सीवरेज और पेयजल पाइपलाइन, सेक्टर-16 में हॉस्टल निर्माण और नई सब्जी मंडी में विशेष मरम्मत कार्य शामिल हैं. इन परियोजनाओं से शहर की बुनियादी सुविधाएं और यातायात व्यवस्था मजबूत होंगी.
11 वर्षों में 1909 करोड़ से अधिक का विकास: मुख्यमंत्री ने बताया कि, "पिछले 11 वर्षों में गुरुग्राम विधानसभा क्षेत्र में कुल 1,909 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए गए हैं. 67 घोषणाओं में से अधिकांश को पूरा किया जा चुका है. विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी ध्यान दिया जा रहा है. शहर में पार्कों और ऑक्सीजन पॉकेट्स का विस्तार, इलेक्ट्रिक बसों का संचालन और आधुनिक कचरा प्रबंधन जैसी पहलें शुरू की गई हैं. इससे गुरुग्राम में जीवन स्तर में सुधार और सतत विकास सुनिश्चित होगा."
"सरकार जो वादा करती है, उसे पूरा करती है": सीएम ने कहा कि, "सरकार जो वादे करती है, उन्हें धरातल पर पूरा करती है. विधानसभा चुनावों में किए गए 217 वादों में से 54 वादे एक वर्ष में पूरे हो चुके हैं और शेष पर कार्य प्रगति पर है. गुरुग्राम अब केवल हरियाणा का नहीं बल्कि देश की आर्थिक प्रगति का प्रमुख इंजन बन चुका है. केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार की बदौलत हरियाणा विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है. सरकार का लक्ष्य शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों का संतुलित और समावेशी विकास सुनिश्चित करना है."
अतिरिक्त बजट की घोषणा: सीएम ने गुरुग्राम, सोहना और पटौदी विधानसभा क्षेत्रों के लिए पांच-पांच करोड़ रुपये अतिरिक्त देने की घोषणा की. इससे इन क्षेत्रों में विकास परियोजनाओं को और गति मिलेगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि, "सरकार शहरी और ग्रामीण विकास को संतुलित बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है."
विधायक की मांग पर नई घोषणाएं: विधायक मुकेश शर्मा की मांग पर मुख्यमंत्री ने कई नई घोषणाओं का ऐलान किया. इनमें गुरुग्राम पुलिस लाइन के पास नया स्कूल भवन, नेहरू स्टेडियम में आधुनिक खेल हॉस्टल, 30 आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सिविल अस्पताल निर्माण और वजीराबाद पीएचसी को 50 बेड के अस्पताल में अपग्रेड करना शामिल है. इसके अलावा सेक्टर-29 में सिटी बस टर्मिनल, सदर बाजार को स्मार्ट बाजार के रूप में विकसित करना और 100 किलोमीटर से अधिक स्मार्ट सड़कों का निर्माण भी घोषणा में शामिल किया गया.

