यमुनानगर पहुंचे सीएम नायब सैनी, बोले- "कभी भूल नहीं पाएंगे गुरु तेग बहादुर की शहादत"
यमुनानगर में श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहादत दिवस पर भव्य कार्यक्रम में सीएम नायब सैनी ने शिरकत की.


Published : December 21, 2025 at 7:10 PM IST
यमुनानगर: हरियाणा में यमुनानगर के भम्भोली गुरुद्वारे में सिखों के 9वें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में शिरकत करने मुख्यमंत्री नायब सैनी पहुंचे. इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी ने गुरु तेग बहादुर जी की शहादत और उनकी कुर्बानी के बारे में बताया. इसके अलावा, सीएम ने ब्लड डोनेशन कैंप में रक्तदाताओं का हौसला भी बढ़ाया.
"गुरु श्री तेग बहादुर की शहादत को हमेशा याद रखा जाएगा": रविवार को यमुनानगर पहुंचे मुख्यमंत्री ने सबसे पहले गुरुद्वारा साहिब में शीश नवाकर गुरु महाराज का आशीर्वाद लिया. इसके बाद सिख संगत को संबोधित किया. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि "गुरु श्री तेग बहादुर जी की शहादत धर्म, मानवता और देश की रक्षा के लिए दी गई एक महान कुर्बानी थी, जिसे देश कभी भुला नहीं सकता". उन्होंने कहा कि "गुरु तेग बहादुर जी, गुरु गोविंद सिंह जी, माता गुजरी जी और चारों साहिबजादों की शहादत भारतीय इतिहास की अमर गाथाएं हैं. जिन्हें हमेशा याद रखा जाएगा".
"दुनिया की सबसे बड़ी शहादत": मुख्यमंत्री ने कहा कि "गुरु गोविंद सिंह जी के पूरे परिवार की शहादत को दुनिया की सबसे बड़ी शहादत माना जाता है, जिससे आने वाली पीढ़ियों को अत्याचार के खिलाफ खड़े होने की प्रेरणा दी. इन वीर शहादतों की गाथा को जन-जन तक पहुंचाना और उनसे प्रेरणा लेना हम सभी का दायित्व है". मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि "हरियाणा सरकार द्वारा धर्म और देश की रक्षा के लिए बलिदान देने वाले महापुरुषों के नाम पर शिक्षण संस्थानों, मेडिकल कॉलेजों, सड़कों और चौराहों का नामकरण किया जा रहा है. ताकि बच्चों और युवाओं को उनके बलिदानों से प्रेरणा मिल सके".
31 लाख रुपए देने की घोषणा: वहीं, सीएम ने जानकारी दी कि "अंबाला में सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज का नाम गुरु श्री तेग बहादुर जी के नाम पर रखा गया है. वहीं, यमुनानगर में बनने वाले मेडिकल कॉलेज का नाम भी ‘हिंद की चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर रखा जाएगा. ये कदम आने वाली पीढ़ियों को गुरु साहिब के बलिदान और आदर्शों से जोड़ने का कार्य करेगा". मुख्यमंत्री ने 31 लाख रुपए देने की घोषणा भी की.
ये भी पढ़ें: 'योग्य भूमिहीन लाभार्थियों को जल्द ही 100-वर्ग गज के प्लॉट मिलेंगे'- सीएम नायब सैनी

