सूरजकुंड के झूला हादसे में जान गंवाने वाले पुलिसकर्मी को मिलेगा शहीद का दर्जा, कुरुक्षेत्र पशु मेले में सीएम नायब सिंह सैनी की घोषणा
कुरुक्षेत्र पशु मेले में सीएम ने ऊंट की सवारी की. इस दौरान सीएम ने सूरजकुंड हादसे में मारे गए पुलिसकर्मी को शहीद का दर्जा दिया.

Published : February 8, 2026 at 6:08 PM IST
कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र के केडीबी मेला ग्राउंड में रविवार को तीन दिवसीय राज्य स्तरीय पशुधन प्रदर्शनी सह पशु मेले का अंतिम दिन है. मेले के समापन समारोह के अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे. मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि "हरियाणा सरकार किसान और पशुपालकों के हित में लगातार बेहतर प्रयास कर रही है और उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी."
पुलिसकर्मी के परिवार को मिलेगी सरकारी नौकरी: मुख्यमंत्री ने सूरजकुंड मेले में हुए हादसे में जान गंवाने वाले पुलिसकर्मी को शहीद का दर्जा देने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि "शहीद के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी. साथ ही पूरे मामले की जांच के आदेश भी दिए गए हैं."
'पंजाब में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी': आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दावा किया कि पंजाब में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी. उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अपने कार्यकाल में किए गए कार्य याद नहीं हैं. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि "कांग्रेस के शासनकाल में युवाओं को नौकरी पाने के लिए अपने माता-पिता की जमीन और गहने तक गिरवी रखने पड़ते थे, फिर भी नौकरियां नहीं मिल पाती थीं."

'किसी भी बुजुर्ग की पेंशन नहीं काटी गई है': बुढ़ापा पेंशन काटे जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि "किसी भी बुजुर्ग की पेंशन नहीं काटी गई है" उन्होंने कहा कि "सरकार बुजुर्गों के सम्मान और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है." पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा रवनीत बिट्टू को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने उसे बेहद निंदनीय बताया. उन्होंने कहा कि "कांग्रेस के डीएनए में इस तरह की बातें लगातार देखने को मिलती रही हैं." मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दोहराया कि "हरियाणा सरकार किसानों, पशुपालकों और आम जनता के हितों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठा रही है और प्रदेश के किसी भी किसान को कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी."







