अंबाला में घर के वॉशरूम में गिरे कैबिनेट मंत्री अनिल विज, दोनों पैर में फ्रैक्चर, "चल री सजनी" गाना गुनगुनाते दिखे
अंबाला में पैर फिसलने से वॉशरूम में गिरने से कैबिनेट मंत्री अनिल विज के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया है.

Published : February 17, 2026 at 1:28 PM IST
अंबालाः हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज अंबाला स्थित अपने आवास पर वॉशरूम में पैर फिसलने से गिरकर घायल हो गए हैं. आनन-फानन में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. स्क्रीनिंग के बाद उनके दोनों पैरों में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई. तत्काल उनके पैर में बैंडेज लगाते हुए डॉक्टरों ने उन्हें आराम की सलाह दी है.
बम्बई का बाबू का गाना गुनगुना रहे हैं विजः हालांकि, चोट के बावजूद विज का जज्बा कम नहीं हुआ है. पट्टियां बंधी होने के बाद भी वे 1960 में बने 'बम्बई का बाबू' फिल्म में मुकेश के गाये 'चल री सजनी अब क्या सोचे…' गाने को गुनगुनाते नजर आए. उनका ये अंदाज समर्थकों के बीच काफी चर्चा का विषय बना हुआ है.
बजट सत्र में शामिल होने पर संशयः आपको बता दें 20 फरवरी से हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र शुरू होना है. हर बार सदन में अपने तेवरों और बेबाक बयानों से सुर्खियां बटोरने वाले विज इस बार शायद सदन में नजर ना आएं. डॉक्टरों की सलाह को देखते हुए माना जा रहा है कि वे सत्र में शामिल नहीं हो पाएंगे. विज की गैरमौजूदगी की अटकलों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है. विपक्ष और सत्ता पक्ष दोनों की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि क्या विज स्वास्थ्य लाभ के बावजूद सदन में पहुंच पाएंगे या नहीं.
समर्थक जल्द स्वस्थ होने की कर रहे हैं कामनाः फिलहाल समर्थक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं, जबकि खुद विज ने अपने अंदाज से साफ कर दिया है कि उनका हौसला अब भी बुलंद है. इसी बीच पैर में फ्रैक्चर की जानकारी मिलते ही समर्थक, नेता और पदाधिकारी उनका हाल-चाल लेने आवास पर पहुंच रहे हैं.

