ETV Bharat / state

हरियाणा में शुक्रवार से बजट सत्र, सत्ता पक्ष और विपक्ष ने कसी कमर, बैठकों में बनी वार-पलटवार की रणनीति

हरियाणा में शुक्रवार से बजट सत्र शुरू हो रहा है. बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक के बाद बीजेपी-कांग्रेस विधायक दल की बैठक में रणनीति बनी.

Haryana Budget Session Strategy made in CLP meeting Congress Bjp Bhupinder Hooda Nayab singh saini
हरियाणा में शुक्रवार से बजट सत्र (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 19, 2026 at 7:39 PM IST

7 Min Read
Choose ETV Bharat

चंडीगढ़ : हरियाणा का बजट सत्र शुक्रवार से शुरू हो रहा है. इससे पहले गुरूवार को चंडीगढ़ में राजनीतिक गहमागहमी रही. एक तरफ सत्र की अवधि पर मोहर लगाने के लिए बिज़नेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक हुई. वहीं बीजेपी और कांग्रेस की विधायक दल की बैठक हुई जिसमें विपक्ष ने खासतौर पर विभिन्न मुद्दों पर सरकार को सदन में घेरने की रणनीति बनाई, जबकि सत्ता पक्ष ने भी विपक्ष को जवाब देने की रणनीति बनाई.

बिज़नेस एडवाइजरी कमेटी की हुई बैठक : शुक्रवार से शुरू होने वाले बजट सत्र से पहले विधानसभा में बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक हुई. बीएसी की बैठक में बजट के प्रस्तावित कार्यक्रम पर ही मुहर लगी. बजट सत्र 20 फरवरी से 18 मार्च तक चलेगा. बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि बीएससी की बैठक में सभी सदस्यों ने बजट सत्र पर विस्तार से चर्चा की. अवकाश के बाद जब भी विधानसभा की कार्यवाही शुरू होगी तो वो दोपहर 2 बजे से शुरू होगी. बाकी दिन सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे के दौरान होगी.

16 मार्च को राज्यसभा के लिए मतदान ! : उन्होंने कहा कि 16 मार्च को राज्यसभा के लिए रिक्त हुई दो सीटों के लिए मतदान का दिन है. उस दिन विधानसभा सत्र 2 बजे से शुरू होगा. राज्यसभा चुनाव के लिए यदि मतदान की जरूरत पड़ती है, तो सभी सदस्य 2 बजे से पहले मतदान कर लेंगे. मनरेगा योजना बंद करने और बाहरी राज्यों के युवाओं को सरकारी नौकरी देने के कांग्रेस के विरोध पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि किसी भी लोकतंत्र में विपक्ष को अपनी भूमिका निभाने की पूरी छूट होती है. उनके प्रदर्शन पर कोई रोक नहीं लगाई जा सकती. लेकिन सरकार विधानसभा पटल पर सभी मुद्दों का विस्तार से जवाब देने को तैयार है. इसके बावजूद भी यदि कांग्रेस विरोध करती है, तो उसे रोका नहीं जा सकता.

बीएसी बैठक के बाद क्या बोले हुड्डा ? : बैठक के बाद विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि बजट सत्र में कुछ भी नया नहीं है. सिटिंग पहले जितनी ही है. छुट्टियां ज्यादा है, सिटिंग उतनी ही है. जब भी सत्र छुट्टी के बाद होगा तो कार्यवाही 2 बजे शुरू होगी. राजनीतिक दलों को संख्या बल के आधार पर समय मिलेगा, ये बात बीएसी में रखी गई है. हुड्डा ने कहा कि स्पीकर को पार्टी की तरफ से सदस्यों के नाम दिए जाएंगे जो चर्चा में शामिल होंगे. राज्यसभा के चुनाव को लेकर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि एक सीट पर कांग्रेस अपना उम्मीदवार उतारेगी और जीतेगी.

कांग्रेस की विधायक दल की बैठक में क्या बनी रणनीति ? : बजट सत्र से पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई. नेता विपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पार्टी अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह सहित तमाम विधायकों ने शिरकत की. बैठक के बाद नेता विपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि बैठक में सरकार को घेरने के लिए सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसे कई ज्वलंत मुद्दे हैं, जिनके ऊपर कांग्रेस स्थगन प्रस्ताव देकर चर्चा की मांग करेगी.

किन मुद्दों को उठाएगी कांग्रेस ? : नेता विपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मुद्दों की बात करते हुए कहा कि खराब कानून व्यवस्था, बुजुर्गों की पेंशन काटना, खेतों में जल भराव, चंडीगढ़ पर हक का मामला, अवैध माइनिंग जैसी अनेक मुद्दे हैं. कांग्रेस सरकार में हरियाणा आर्थिक क्षेत्र में नंबर वन होता था, लेकिन आज देश में पिछड़े हुए राज्यों में गिनती शुरू हो गई है. राज्यपाल के अभिभाषण पर कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा विपक्ष की तरफ से शुरुआत करेंगे. बजट पर कांग्रेस विधायक रघुवीर कादियान चर्चा में हिस्सा लेंगे. 24 फरवरी को कांग्रेस के सभी विधायक सेक्टर 3 में जमा होंगे. यहां पर अमेरिका के साथ हुई डील के खिलाफ पैदल मार्च करते हुए विधानसभा सत्र में शिरकत करने जाएंगे.

क्या बोले कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह? : वहीं विधायक दल की बैठक के बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि 25 फरवरी को कांग्रेस मनरेगा के खिलाफ विधानसभा का घेराव करेगी. सेक्टर 9 चंडीगढ़ में पार्टी कार्यालय से विधायक और कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए विधानसभा पहुंचेंगे. वहीं उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में शुरू हुई मनरेगा योजना को भाजपा ने खत्म कर दिया है. मनरेगा के खत्म होने से गरीब व्यक्ति काफी प्रभावित हो रहे हैं. कांग्रेस किसी भी सूरत में मनरेगा योजना को बंद नहीं होने देगी.

सत्ता पक्ष ने भी तैयार की जवाब देने की रणनीति : इधर सत्ता पक्ष यानि बीजेपी की विधायक दल की बैठक सीएम आवास पर हुई जिसकी अध्यक्षता सीएम नायब सिंह सैनी ने की. बैठक में तमाम मंत्री और विधायक शामिल हुए. किस तरह विपक्ष के मुद्दों का जवाब देना है, इसको लेकर बैठक में रणनीति बनाई गई.

बीजेपी विधायक दल की बैठक पर क्या बोले रणबीर गंगवा? : बीजेपी विधायक दल की बैठक के बाद पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा ने जानकारी देते हुए कहा कि विधायक दल की बैठक से पहले कैबिनेट की अनौपचारिक बैठक भी हुई है. बैठक में सभी विषयों पर चर्चा हुई. सरकार विपक्ष के सभी सवालों का जवाब देने के लिए तैयार है. बीजेपी ने संकल्प पत्र के जरिए जो वादे किए थे, उन्हें निभाया जा रहा है. विपक्ष से उम्मीद करते हैं कि वो तथ्यों पर आधारित सकारात्मक बात करेंगे. इस बार का बजट सत्र बहुत लंबा है. अगर विपक्ष के साथी सार्थक चर्चा करेंगे, तो जनता के बीच अच्छा संदेश जाएगा. राज्यसभा चुनाव के लिए 16 मार्च को होने वाले मतदान पर कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि चुनाव को लेकर अधिसूचना जारी हो गई है. बीजेपी की अपनी तैयारी है. समय बताएगा कितनी सीट बीजेपी हासिल करेगी. कांग्रेस के लोगों को अपने पर विश्वास होना चाहिए.

क्या बोले कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी? : बजट सत्र को लेकर भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि सत्र को लेकर सरकार ने तैयारी पूरी कर ली है. बीजेपी पिछले 11 साल से विपक्ष के हमलों को सदन में झेल और देख रही है. देखते हैं वो जनहित के कौन से मुद्दे उठाते हैं, या सरकार का जवाब देने से पहले भाग जाते हैं. सरकार जब सदन में विपक्ष को सही जवाब देती है, तो वो ठहरते नहीं है. उन्होंने कहा कि सदन की कार्रवाई हंगामेदार नहीं बल्कि असरदार होनी चाहिए. जनता के बीच अच्छा संदेश जाना चाहिए कि उनके जनप्रतिनिधि उनकी समस्याओं को सदन में उठा रहे हैं. यदि जनप्रतिनिधि जनहित के मुद्दे नहीं उठाते तो जनता इसे भी देखती है. सत्र में जनता का पैसा इस्तेमाल होता है. इसलिए विपक्ष को रचनात्मक तरीके से सवाल उठाने चाहिए, जिसके लिए सरकार भी तैयार है.

हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App

ये भी पढ़ें : डच महिला बाइकर हुई हरियाणा की मुरीद, अनजान परिवार ने यूं जीता दिल, यूट्यूब पर लोगों ने खूब बरसाया प्यार

ये भी पढ़ें : अंबाला में भिखारी निकला लखपति, अकाउंट में मिले लाखों रुपए, ट्राइसाइकिल से निकली नोटों की गड्डियां

ये भी पढ़ें : "ताऊ, मन्ने भी जहाज में बैठा ले"...आवाज़ सुन CM चौंके, फौरन सच कर डाला सोनू का सपना