हरियाणा बजट 2026-27: महिलाओं को मिली कई बड़ी सौगात, इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदने पर मिलेगी विशेष छूट
हरियाणा के बजट में महिलाओं को इलेक्ट्रिक स्कूटी पर टैक्स छूट, पिंक कैब योजना सहित कई बड़ी घोषणाएं की गई है.

Published : March 2, 2026 at 3:28 PM IST
चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा में सीएम नायब सिंह सैनी दूसरी बार बजट पेश किए. बजट में सीएम ने महिलाओं के लिए कई अहम घोषणाएं कीं. इस बजट का फोकस महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षित परिवहन और पर्यावरण संरक्षण पर रखा गया है. खास तौर पर इलेक्ट्रिक स्कूटी और वाहनों की खरीद पर टैक्स में छूट देकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार का फोकस रहा.
इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदने पर विशेष छूट: बजट में महिलाओं को इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदने पर विशेष टैक्स छूट देने का प्रावधान किया गया है. पहले से ही इलेक्ट्रिक वाहनों पर 20% तक टैक्स छूट मिल रही है, जिसे और बढ़ाने की घोषणा की गई है. इसका उद्देश्य महिलाओं को सस्ती और पर्यावरण अनुकूल सवारी उपलब्ध कराना है, ताकि वे सुरक्षित और स्वतंत्र रूप से यात्रा कर सकें.
महिलाओं के नाम पर वाहन खरीदने पर 1% टैक्स छूट: मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि, "यदि कोई महिला अपने नाम पर वाहन खरीदती है तो उसे 1% अतिरिक्त टैक्स छूट दी जाएगी. इससे महिलाओं को निजी वाहन खरीदने में आर्थिक राहत मिलेगी और उनके नाम पर संपत्ति दर्ज कराने को भी प्रोत्साहन मिलेगा."
"पिंक कैब योजना" से मिलेगा आर्थिक मजबूती: बजट के दौरान सीएम ने घोषणा की कि, "महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए "पिंक कैब योजना" शुरू की जाएगी. इस योजना के तहत महिलाओं को वाहन चलाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा और इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने के लिए 10 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा. सरकार का लक्ष्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें "लखपति दीदी" बनाना है."
ड्राइवर ट्रेनिंग सेंटर और सुरक्षा उपाय:सीएम ने घोषणा की कि, "नूंह, फरीदाबाद, अंबाला और गुरुग्राम में ड्राइवर ट्रेनिंग सेंटर खोले जाएंगे. इसके अलावा सभी सरकारी बसों और टैक्सियों में ट्रैकिंग डिवाइस और पैनिक बटन लगाए जाएंगे. पैनिक बटन दबाते ही कंट्रोल रूम को सूचना मिलेगी और तुरंत सहायता पहुंचाई जाएगी, जिससे महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित होगी."
15 अगस्त 2026 तक लॉन्च होगा बस ट्रैकिंग ऐप: बजट के दौरान सीएम ने घोषणा की कि, "यात्रियों की सुविधा के लिए 15 अगस्त 2026 तक एक मोबाइल ऐप शुरू किया जाएगा. इस ऐप के जरिए लोग बसों की लोकेशन और आने के समय की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे. इससे सार्वजनिक परिवहन अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनेगा."
लाड़ो लक्ष्मी योजना का बजट बढ़ा: इसके साथ ही "लाड़ो लक्ष्मी योजना" का बजट 5,000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 6,500 करोड़ रुपये कर दिया गया है. साथ ही महिलाओं के सशक्तिकरण, कौशल विकास और उनकी उपलब्धियों के सम्मान के लिए गुरुग्राम में "नारी मंडपम" की स्थापना की जाएगी.
वात्सल्य भवन और आंगनवाड़ी अपग्रेड: महिलाओं और बच्चों से संबंधित सेवाओं को एकीकृत रूप में उपलब्ध कराने के लिए अंबाला, यमुनानगर, रोहतक और गुरुग्राम में ‘वात्सल्य भवन’ बनाए जाएंगे. इसके अलावा 1,000 आंगनवाड़ी केंद्रों को सक्षम आंगनवाड़ी के रूप में और 1,000 केंद्रों को प्ले स्कूल के रूप में अपग्रेड किया जाएगा.
महिला एवं बाल विकास बजट में 14.91% वृद्धि: वर्ष 2025-26 के संशोधित अनुमान 1,969.65 करोड़ रुपये की तुलना में 2026-27 में महिला एवं बाल विकास विभाग का बजट बढ़ाकर 2,263.29 करोड़ रुपये कर दिया गया है. यह 14.91% की वृद्धि है, जो महिलाओं और बच्चों के कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है.
ये भी पढ़ें:हरियाणा के सीएम की पगड़ी पर सियासत: कांग्रेस का तंज, बोले- "पंजाब से चुनाव लड़ने का शौक"

