हरियाणा बजट 2026: दादरी में व्यापारियों और दुकानदारों ने की सरकार से व्यापार, उद्योग और रोजगार पर फोकस की मांग
हरियाणा बजट से छोटे व्यापारियों और दुकानदारों को खास उम्मीदें है. दादरी में व्यापारियों ने सरकार से रोजगार-उद्योग पर फोकस की मांग की है.

Published : February 21, 2026 at 11:46 AM IST
चरखी दादरी: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 27 फरवरी को राज्य का बजट पेश करेंगे. बजट सत्र को लेकर चरखी दादरी के दुकानदारों और व्यापारियों में खासा उत्साह है. स्थानीय व्यापारी और दुकानदार उम्मीद जता रहे हैं कि इस बार के बजट में छोटे व्यापारियों और दुकानदारों के हितों को ध्यान में रखते हुए विशेष घोषणाएं की जाएंगी.
छोटे व्यवसायियों को टैक्स और ऋण में राहत चाहिए: व्यापारी राकेश वशिष्ठ ने कहा, "सरकार ऐसी नीतियां बनाए जिससे छोटे व्यवसायियों को सीधा लाभ मिल सके. टैक्स में राहत, आसान ऋण व्यवस्था और व्यापार को बढ़ावा देने वाली योजनाएं लागू हों तो छोटे व्यवसाय मजबूत हो सकते हैं. बजट में ऐसे कदमों से छोटे व्यापारी आर्थिक रूप से सशक्त होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी फायदा पहुंचेगा."
दुकानदारों की मांग: दुकानदार पवन कुमार ने कहा, "हम उम्मीद करते हैं कि सरकार लोन पर ब्याज में राहत दे और नई योजनाओं के माध्यम से व्यापार को आगे बढ़ाने में सहयोग करे. साथ ही बजट में व्यापारिक वातावरण को आसान बनाने वाली घोषणाएं होने चाहिए ताकि दुकानदार अपने कारोबार को बढ़ा सकें."
रोजगार और औद्योगिक विकास पर जोर: वहीं, दुकानदार संजय कुमार ने दादरी में खाली पड़ी सीसीआई जमीन को लेकर कहा, "इस जमीन पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाए या कोई बड़ी परियोजना लाई जाए, जिससे जिले में रोजगार के नए अवसर पैदा हों. इससे युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा और क्षेत्र का समग्र विकास भी सुनिश्चित होगा."
बजट से उम्मीदें: व्यापारी और दुकानदार दोनों का कहना है कि अगर इस बार के बजट में छोटे व्यापारियों, उद्योगों और रोजगार पर विशेष ध्यान दिया गया, तो इसका लाभ चरखी दादरी सहित पूरे प्रदेश के लोगों को मिलेगा.
ये भी पढ़ें:बजट सत्र में हाउसिंग बोर्ड के HSVP में विलय पर हंगामा, एक क्लिक में जानें कैसी रही पहले दिन की कार्यवाही

