हरियाणा में 12वीं बोर्ड की परीक्षा 25 फरवरी से, 1421 केंद्रों पर 5 लाख 66 हजार परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षा 2026 में 5 लाख 66 हजार 440 परीक्षार्थी शामिल होंगे.

Published : February 16, 2026 at 7:47 PM IST
भिवानी: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी के लिए प्रवेश-पत्र (एडमिट कार्ड) 16 फरवरी से हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट https://bseh.org.in/home पर जारी होंगे. सेकेंडरी की वार्षिक परीक्षाएं 26 फरवरी से 20 मार्च तक चलेगी. वहीं सीनियर सेकेंडरी की परीक्षाएं 25 फरवरी से एक अप्रैल तक संचालित करवाई जाएगी. इन परीक्षाओं में प्रदेश भर में 1421 परीक्षा केन्द्रों पर करीब 5 लाख 66 हजार 400 परीक्षार्थी शामिल होंगे. परीक्षाओं का समय दोपहर 12:30 बजे से 3:30 बजे तक रहेगा.
गड़बड़ी ठीक कराने के लिए छात्रों को करना होगा भुगतानः बोर्ड के सचिव मुनीश शर्मा ने सोमवार को बताया कि "परीक्षार्थियों के प्रवेश-पत्र का रंगीन प्रिंट आऊट A-4 साइज पेपर पर डाउनलोड करना सुनिश्चित करें. उन्होंने बताया कि यदि परीक्षार्थी के विवरणों में कोई त्रुटि है तो तुरंत बोर्ड कार्यालय में संपर्क करते हुए शुद्धि से सम्बंधित मूल दस्तावेज और वांछित शुद्धि शुल्क सहित बोर्ड कार्यालय में उपस्थित होकर शुद्धि करवा सकते हैं. सभी परीक्षार्थी प्रवेश पत्र पर दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करना सुनिश्चित करें."
गलतियां ठीक कराने के लिए 20 फरवरी तक पहुंचे बोर्ड कार्यालयः इसी प्रकार मुक्त विद्यालय परीक्षा के लिए परीक्षार्थी अपना पिछला अनुक्रमांक/नाम, पिता का नाम, माता का नाम /रजिस्ट्रेशन नंबर भरते हुए प्रवेश पत्र का रंगीन प्रिंट आऊट ए-4 साइज पेपर डाउनलोड करें. यदि विवरणों में कोई अशुद्धि है तो शुद्धि हेतु परीक्षार्थी 20 फरवरी तक मूल दस्तावेजों और शुद्धि शुल्क सहित बोर्ड कार्यालय में व्यक्तिगत तौर पर उपस्थित होकर शुद्धि करवा सकते हैं.
डीएलएड का प्रवेश पत्र वेबसाइट से करें डाउनलोडः हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित करवाई जाने वाली डीएलएड परीक्षा फरवरी/मार्च-2026 के प्रवेश-पत्र 17 फरवरी को बोर्ड वेबसाइट पर लोड कर दिए जाएंगे. डीएलएड प्रवेश वर्ष 2023-2025 के प्रथम और द्वितीय वर्ष (रि-अपीयर) और प्रवेश-वर्ष 2024-2026 के प्रथम वर्ष (रि-अपीयर) के पात्र छात्र-अध्यापकों की परीक्षाएं 25 फरवरी से आरंभ हो रही हैं. इस परीक्षा में करीब 5356 छात्र-अध्यापक प्रविष्ट होंगे. परीक्षा का समय दोपहर 12:30 बजे से 3:30 बजे तक रहेगा.
24 से 27 मार्च के बीच होगी प्रायोगिक परीक्षाः बोर्ड के सचिव मुनीश शर्मा ने बताया कि "डीएलएड (रि-अपीयर) परीक्षा फरवरी/मार्च-2026 से संबंधित बाह्य प्रायोगिक परीक्षाएं संबंधित जिले की डाइट एवं आन्तरिक प्रायोगिक परीक्षा संबंधित शिक्षण संस्थानों में 24 से 27 मार्च तक संचालित करवाई जाएगी. इसके अतिरिक्त आन्तरिक/बाह्य प्रायोगिक परीक्षा के मूल्यांकन के अंक ऑनलाइन भरने हेतु 24 मार्च से 30 मार्च तक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट करना सुनिश्चित करें."

