Exclusive: HTET को लेकर बोर्ड अध्यक्ष का बड़ा अपडेट, परीक्षा के नियम बताए, अभ्यर्थियों को दी अहम सलाह
हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा को लेकर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ ने ईटीवी भारत से खास बातचीत की.

Published : July 2, 2026 at 6:30 PM IST
भिवानी: हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET)-2025 को लेकर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ ने बताया कि 4 और 5 जुलाई को हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET)-2025 आयोजित होगी. इस परीक्षा में प्रदेशभर के 2,33,894 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे. परीक्षा के लिए 383 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. ईटीवी भारत से बातचीत के दौरान उन्होंने नियमों की जानकारी दी.
बोर्ड अध्यक्ष ने दी एचटेट परीक्षा की जानकारी: बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि "इन परीक्षाओं में महिलाएं पुरुषों के मुकाबले अढ़ाई गुणा ज्यादा संख्या में परीक्षाएं देंगी. एक लाख 66 हजार 137 महिला परीक्षार्थी, 67 हजार 157 पुरुष परीक्षार्थी परीक्षाएं देंगे. परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को कोई असुविधा ना हो, इसके लिए वे 2 घंटे 10 मिनट पहले पहुंचे. लेवल-2 के लिए पहुंचने का समय सुबह 7 बजकर 50 मिनट है. लेवल-1 तथा 3 के लिए पहुंचने का समय दोपहर 12 बजकर 50 मिनट है."
रास्ते में परेशानी हो तो 112 पर करें कॉल: बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि "यदि किसी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के दौरान विशेष परिस्थिति का सामना करना पड़ता है, तो वह 112 पर कॉल कर पुलिस की मदद ले सकता है. पुलिस जरूरत पड़ने पर परीक्षार्थी को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में सहयोग करेगी."
रोडवेज को भी दिए गए विशेष निर्देश: परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था बेहतर रहे और अभ्यर्थियों को सफर में परेशानी न हो, इसके लिए मुख्यमंत्री ने हरियाणा रोडवेज को भी विशेष प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं. परीक्षा वाले दिनों में अतिरिक्त परिवहन व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जाएगा.
इन जिलों के अभ्यर्थियों का बदला परीक्षा केंद्र: शंकर लाल धूपड़ ने बताया कि "5 जुलाई को एडीए (ADA) की परीक्षा होने के कारण कुछ जिलों के अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र बदले गए हैं. पंचकूला जिले के अभ्यर्थी अंबाला, करनाल जिले के अभ्यर्थी पानीपत और कुरुक्षेत्र जिले के अभ्यर्थी यमुनानगर में परीक्षा देंगे. इसके अलावा अन्य सभी जिलों के अभ्यर्थी अपने-अपने जिले में ही परीक्षा देंगे."
बायोमैट्रिक और CCTV से होगी निगरानी: बोर्ड अध्यक्ष ने सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 2 घंटे 10 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं. परीक्षा केंद्रों पर बायोमैट्रिक सत्यापन, जैमर और सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी. सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश मिलेगा.
इन नियमों का रखना होगा विशेष ध्यान: दृष्टिबाधित अभ्यर्थियों को परीक्षा में 50 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा. बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई अभ्यर्थी 20 से अधिक प्रश्नों के उत्तर खाली छोड़ता है, तो उसकी परीक्षा रद्द की जा सकती है. साथ ही ओएमआर शीट पर सभी आवश्यक गोले निर्धारित नियमों के अनुसार भरना अनिवार्य होगा.
कड़ी सुरक्षा में पहुंचेंगे प्रश्न पत्र: परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए प्रश्नपत्र डबल लॉक व्यवस्था में रैपिड एक्शन फोर्स की निगरानी में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाए जाएंगे. परीक्षा समाप्त होने के बाद ओएमआर शीट भी इसी सुरक्षा व्यवस्था के तहत वापस लाई जाएंगी. डबल लॉक की चाबियां जिला प्रशासन और बोर्ड अधिकारियों के पास अलग-अलग रहेंगी.

