चंडीगढ़ में सीएम की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर बड़ी बैठक, नकल पर सख्ती व सुरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री ने 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षाओं में नकल रोकने, सुरक्षा बढ़ाने और शांतिपूर्ण संचालन को लेकर निर्देश दिए.

Published : February 25, 2026 at 12:39 PM IST
चंडीगढ़: हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की आगामी परीक्षाओं को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की.इस दौरान प्रदेश के सभी जिला उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विस्तार से चर्चा की गई. मुख्यमंत्री ने परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, शांतिपूर्ण और नकल रहित बनाने के स्पष्ट निर्देश दिए.
प्रशासन और पुलिस को सख्त निर्देश: मुख्यमंत्री ने सभी जिला उपायुक्तों और एसपी को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर कानून-व्यवस्था की स्थिति मजबूत रखी जाए. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए ताकि विद्यार्थी बिना किसी भय के परीक्षा दे सकें.
संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी: बैठक में मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से संवेदनशील और अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें. इससे परीक्षा की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनी रहेगी.
स्थानीय सहयोग से सफल आयोजन पर जोर: मुख्यमंत्री ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए स्थानीय स्तर पर सहयोग लेने की भी बात कही. उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारी स्थानीय सरपंचों और ग्राम सभा के प्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित करें ताकि सामाजिक सहयोग से नकल पर रोक लगाई जा सके और सकारात्मक वातावरण बनाया जा सके.
शिक्षा मंत्री भी रहे मौजूद: बैठक में महीपाल ढांडा भी उपस्थित रहे. उन्होंने अधिकारियों को शिक्षा विभाग की ओर से हर आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया. सरकार का उद्देश्य है कि सभी विद्यार्थी निष्पक्ष और सुरक्षित वातावरण में अपनी परीक्षाएं संपन्न कर सकें.
ये भी पढ़ें:फरीदाबाद में क्राइम ब्रांच की मेगा रेड, धड़धड़ाते घुस गई 200 अफसरों की टीम, स्लम कॉलोनियों में मचा हड़कंप

