ETV Bharat / state

नूंह जिला में बोर्ड परीक्षाओं पर सख्ती: नकल पर जीरो टॉलरेंस, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात

नूंह में बोर्ड परीक्षा को लेकर कड़ी सुरक्षा की गई है. संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी की गई है.

Haryana Board Exam Security
नूंह जिला में बोर्ड परीक्षाओं पर सख्ती (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 25, 2026 at 11:59 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नूंह: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षाओं को नकल मुक्त और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए नूंह जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं. जिले में 55 स्थानों पर कुल 65 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 16,345 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे. प्रशासन ने इस बार विशेष सतर्कता बरतते हुए 7 केंद्रों को संवेदनशील और 8 को अति संवेदनशील श्रेणी में रखा है. इन केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल और निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.

डीसी-एसपी ने संभाली कमान: 12वीं कक्षा के अंग्रेजी विषय की परीक्षा से पहले ही जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया. डीसी और एसपी ने विभिन्न डीएसपी के साथ मिलकर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया. अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. प्रशासनिक अधिकारियों की लगातार मॉनिटरिंग से परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है.

चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात (ETV Bharat)

पिनगवां क्षेत्र में विशेष बंदोबस्त: पिनगवां थाना क्षेत्र में डीएसपी पृथ्वी सिंह के नेतृत्व में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. यहां पांच परीक्षा केंद्रों पर कुल 84 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं. परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है. आवश्यकतानुसार नाकाबंदी भी की गई है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को रोका जा सके. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति किसी को भी केंद्र के आसपास नहीं आने दिया जाएगा.

इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पर पूर्ण प्रतिबंध: नकल रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है. केवल अधिकृत अधिकारी ही मोबाइल रख सकेंगे. परीक्षार्थियों को प्रवेश से पहले सख्त जांच और स्कैनिंग प्रक्रिया से गुजरना होगा. ड्यूटी मजिस्ट्रेटों की अतिरिक्त नियुक्ति की गई है और केंद्र अधीक्षकों को पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.

पिछले अनुभवों से सबक, इस बार सख्ती: बता दें कि नूंह जिला पूर्व में बोर्ड परीक्षाओं में नकल के मामलों को लेकर सुर्खियों में रहा है. पिछले वर्ष बड़े स्तर पर नकल और दो विषयों के पेपर आउट होने की घटनाओं के बाद प्रशासन ने इस बार ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई है. डीएसपी पृथ्वी सिंह ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे मेहनत और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें तथा किसी भी गलत तरीके से दूर रहें. जिला प्रशासन का दावा है कि इस बार सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद हैं और परीक्षाएं शांतिपूर्ण व निष्पक्ष रूप से संपन्न होंगी.

ये भी पढ़ें:हरियाणा बोर्ड परीक्षा शुरू, एग्जाम टाइम में बच्चों पर प्रेशर न पड़े भारी, छात्रों के लिए डॉक्टर की सलाह, परिजन रहें सतर्क