ETV Bharat / state

सोनीपत में रिश्वतखोर पटवारी गिरफ्तार, चाय वाले के जरिए होता था लेन-देन

खरखौदा में एसीबी ने महिला ब्लॉक पटवारी को 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया.

Haryana ACB Arrests Female Block Patwari
सोनीपत में रिश्वतखोर पटवारी गिरफ्तार (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 10, 2026 at 11:32 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

सोनीपत: हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो ने सोनीपत जिले के खरखौदा में पंचायती विभाग की महिला ब्लॉक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. आरोपी पटवारी की पहचान सुदेश कुमारी के रूप में हुई है, जिसे 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय दबोचा गया. इस कार्रवाई से क्षेत्र के सरकारी महकमों में हड़कंप मच गया है.

शिकायत के आधार पर बिछाया गया जाल: यह कार्रवाई गांव सिसाना निवासी अनिल की शिकायत पर की गई. शिकायतकर्ता ने एसीबी को बताया कि पटवारी सुदेश कुमारी ने पंचायती जमीन का मालिकाना हक दिलवाने के बदले 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी. शिकायत की गंभीरता को देखते हुए विजिलेंस रोहतक की टीम ने मामले की प्राथमिक जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए. इसके बाद एसीबी ने आरोपी को पकड़ने के लिए पूरी योजना के साथ ट्रैप तैयार किया.

चाय वाले के जरिए होता था लेन-देन (ETV Bharat)

चाय वाले के जरिए होता था लेन-देन: एसीबी जांच में सामने आया कि आरोपी पटवारी सीधे रिश्वत न लेकर शातिराना तरीके से बीडीपीओ कार्यालय परिसर में स्थित ‘कृष्ण चाय वाले’ के माध्यम से रकम मंगवाती थी. तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता ने रिश्वत की राशि चाय वाले को सौंपी, जहां से आगे लेन-देन होना था. जैसे ही पैसे दिए गए, मौके पर मौजूद एसीबी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पटवारी सुदेश कुमारी को धर दबोचा.

पटवारी और सहायक दोनों गिरफ्तार: इस मामले में एसीबी ने न केवल महिला पटवारी सुदेश कुमारी को गिरफ्तार किया, बल्कि उसके सहायक के रूप में काम कर रहे चाय वाले ईश्वर को भी हिरासत में लिया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है. एसीबी टीम यह पता लगाने में जुटी है कि रिश्वतखोरी का यह सिलसिला कब से चल रहा था और इसमें कोई अन्य अधिकारी या कर्मचारी तो शामिल नहीं है.

रिकॉर्ड खंगालने में जुटी एसीबी टीम: गिरफ्तारी के बाद एसीबी द्वारा आरोपी पटवारी का पूरा रिकॉर्ड और संबंधित दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं. टीम यह जांच कर रही है कि सुदेश कुमारी ने इससे पहले भी इस तरह के भ्रष्ट काम किए हैं या नहीं. साथ ही जिन मामलों में उसने जमीन या रजिस्ट्री से जुड़े काम निपटाए हैं, उनकी भी बारीकी से जांच की जा रही है.

डीएसपी विपिन कादियान का बयान: एसीबी डीएसपी विपिन कादियान ने बताया कि, "शिकायत मिली थी कि ब्लॉक पटवारी सुदेश कुमारी रजिस्ट्री करवाने के नाम पर 20 हजार रुपये की रिश्वत मांग रही थी. शिकायत सही पाए जाने पर कार्रवाई की गई और आरोपी को उसके सहायक चाय वाले सहित रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया. मामले की गहन जांच जारी है और भ्रष्टाचार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा."

ये भी पढ़ें: फरीदाबाद के नीमका जेल में कैदी की हत्या, साथी कैदी पर हत्या का आरोप, जांच जारी