ETV Bharat / state

चरखी दादरी में हरियाणा 10वीं बोर्ड के गणित का पेपर आउट मामला, 2 छात्र समेत 7 के खिलाफ FIR, 2 पदाधिकारी निलंबित

चरखी दादरी में पेपर आउट होने के मामले में सेंटर के पूरे स्टॉफ को ब्लैक लिस्टेड कर दिया गया है.

Math PAPER OUT IN HARYANA
हरियाणा 10वीं बोर्ड के गणित का पेपर आउट (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 27, 2026 at 3:38 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

भिवानः कड़ी सुरक्षा के बावजूद हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से संचालित 10वीं कक्षा के गणित का प्रश्न पत्र गुरुवार को आउट हो गया. मामले में जिला प्रशासन और बोर्ड की ओर से दोषी छात्र, परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों, कर्मचारियों और पुलिस कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है.

पूरे स्टॉफ को किया गया ब्लैक लिस्टः बोर्ड के चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने बताया कि पेपर आउट करने के मामले में बौंद ब्लॉक में रानीला गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र की संलिप्ता मिली. मामले में कुल 7 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें परीक्षा केंद्र के मुख्य केंद्राधीक्षक, केंद्राधीक्षक, उप केंद्राधीक्षक, 2 कमरों के वीक्षक और मोबाइल से पेपर आउट में शामिल दोनों छात्र शामिल हैं. इसके अलावा बोर्ड की ओर से पूरे स्टॉफ आगामी सभी परीक्षाओं के लिए ब्लैक लिस्ट किया गया है."

सेंटर पर तैनात 2 पुलिसकर्मी सस्पेंडः इसके अलावा एसपी चरखी दादरी की ओर से परीक्षा केंद्र के गेट पर छात्रों की जांच करने वाले 2 पुलिस कर्मी हेड कांस्टेबल नरेश और ईएचसी जयकिशन को सस्पेंड कर दिया गया है. साथ ही बौंद कलां एसएचओ और एसपीओ को कार्य में लापरवाही मानते हुए नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा गया है. स्पष्टीकरण के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.

पेपर आउट मामले में 2 छात्र समेत 7 के खिलाफ FIR (Etv Bharat)

कैसे पेपर आउट का हुआ खुलासाः चेयरमैन ने बताया कि परीक्षा की निष्पक्ष निगरानी के लिए ग्राउंड स्टॉफ की तैनाती की गई है. उनका काम स्वच्छ और कदाचार मुक्त परीक्षा पर नजर रखना है. इसी कड़ी में सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दोपहर 1.56 मिनट पर ग्राउंड स्टॉफ को पेपर आउट के इस बारे में पता चला. उसने इसकी जानकारी मुझे और कंट्रोल रूम को दिया. इसके बाद बोर्ड के अधिकारियों ने क्यूआर कोड और अल्फा न्यूमरिक कोड की मदद से पेपर आउट करने वाले परीक्षा केंद्र और छात्रों के बारे में पता लगाया और आगे की कार्रवाई की गई."

अल्फा न्यूमरिक कोड से पकड़े गए परीक्षार्थीः बोर्ड के चेयरमैन ने बताया कि "क्यूआर कोड और अल्फा न्यूमरिक कोड के आधार पर पता चला कि जो पेपर आउट हुआ है वह चरखी दादरी जिला के बौंद ब्लॉक स्थित रानीला गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के ब्लाक नंबर 2 के कमरा नंबर 2 और 3 में बैठे छात्र का है. इसके बाद तुरंत मामले में कार्रवाई की गई. छात्रों ने मोबाइल फोन की मदद से पेपर को आउट किया था. अब जांच किया जा रहा है पेपर किन-किन मोबाइल यूजरों के पास पहुंचा है, वैसे सभी लोगों पर कार्रवाई की जायेगी. साथ ही मोबाइल परीक्षा केंद्र के अंदर कैसे पहुंचा, किन-किन लोगों की लापरवाही रही सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी."

साइबर क्राइम टीम को सौंपा गया है जांचः बोर्ड चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने बताया कि "नकल को लेकर हमारी नीति जीरो टॉलरेंस की है. क्यूआर कोड की मदद से हमने तुरंत केंद्र की पहचान कर ली. दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे परीक्षा केंद्र को ही शिफ्ट करने के आदेश दे दिए गए हैं. उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे साइबर क्राइम टीम को सौंप दिया गया है. ताकि यह पता लगाया जा सके कि पेपर किन-किन ग्रुप्स में साझा किया गया था. भविष्य में भी प्रश्न पत्रों की सुरक्षा के लिए इसी तरह की डिजिटल निगरानी जारी रहेगी."

ये भी पढ़ें-हरियाणा में 12वीं के अंग्रेजी का पेपर आउट, बोर्ड चेयरमैन बोले - दोषियों पर करेंगे सख्त कार्रवाई