ETV Bharat / state

बिहार में हर्ष फायरिंग, भांजी की शादी में आए मामा की गोली लगने से मौत

मुजफ्फरपुर के करजा में एक शख्स की जान चली गुई है. मृतक भांजी की शादी में शामिल होने पहुंचा था. पढ़ें खबर

HARSH FIRING IN MUZAFFARPUR
हर्ष फायरिंग ने छीनी खुशियां (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : June 25, 2026 at 1:16 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर में सनसनीखेज मामला सामने आया है. जिले के करजा थाना क्षेत्र के भटौना गांव में शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब देर रात हर्ष फायरिंग के दौरान एक युवक को गोली लग गई. घायल युवक को परिजन आनन-फानन में इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

हर्ष फायरिंग ने छीनी खुशियां : मृतक की पहचान रंजीत साहनी के रूप में हुई है, जो मुसहरी थाना क्षेत्र का निवासी था. वह रिश्ते में दुल्हन का सगा मामा था. जानकारी के अनुसार, भटौना गांव निवासी शंभू सहनी की भतीजी की शादी थी. घर में बारात के स्वागत और शादी की रस्मों को लेकर उत्साह का माहौल था. द्वारपूजा की तैयारी चल रही थी, तभी अचानक हर्ष फायरिंग हुई. इसी दौरान चली एक गोली रंजीत साहनी को जा लगी. गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

HARSH FIRING IN MUZAFFARPUR
जानकारी लेती पुलिस (ETV Bharat)

भांजी की शादी में मामा की मौत : घटना के तुरंत बाद परिजन रंजीत को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर मिलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया. जहां कुछ देर पहले जश्न का माहौल था, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा है. मृतक के परिजनों का कहना है कि शादी समारोह के दौरान किसी ने गोली चलाई, जिससे यह हादसा हुआ.

हर एंगल को खंगाल रही पुलिस : घटना की सूचना मिलते ही करजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ समारोह में मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है. घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं. यह महज हादसा था या लापरवाही अथवा साजिश का मामला, इसकी जांच की जा रही है.