ETV Bharat / state

हरीश रावत के 'लुढ़कते-घिसते शून्य में मिलने' के बयान से कांग्रेस में खलबली, जानिए क्या चाहते हैं पार्टी नेता

हरीश रावत के संदेश पर पार्टी नेताओं की मिलीजुली प्रतिक्रिया, किसी ने कहा बरगद हैं हरदा, कोई बोला पार्टी हाईकमान ले ठोस फैसला

HARISH RAWAT NEW STATEMENT
हरीश रावत के बयान से हड़कंप (Courtesy- Harish Rawat Social Media)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : October 10, 2026 at 4:27 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

देहरादून: उत्तराखंड कांग्रेस में इस वक्त सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है. खास तौर पर हरीश रावत के एक संदेश ने पार्टी के भीतर खलबली मचाई हुई है. इस पर पार्टी के ही तमाम नेता अपनी अपनी राय देते दिख रहे हैं. चुनाव से ठीक पहले हरीश रावत के तीखे बोल पर कांग्रेस नेताओं की भी अपनी-अपनी राय है.

हरदा के संदेश ने कांग्रेस के भीतर मचाई खलबली: राज्य में राजनीतिक दल इस समय आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे हुए हैं. इस बीच हरीश रावत के कार्यक्रम और उनकी पोस्ट भी चर्चाओं में है. खास तौर पर उत्तराखंड कांग्रेस इस समय हरीश रावत को लेकर कुछ बैकफुट पर दिख रही है. दरअसल हरीश रावत ने कुछ घंटे पहले ही एक ऐसी पोस्ट की है, जिसे सीधे तौर पर हाई कमान को चेतावनी देने के रूप में देखा जा रहा है.

हरीश रावत के बयान से हड़कंप (Harish Rawat)

हरीश रावत के संदेश पर पार्टी नेताओं के मिले जुले विचार: हरीश रावत के सोशल मीडिया पर दिए गए संदेश को कई रूप में देखा जा रहा है और पार्टी के भीतर भी इसके चलते खलबली की स्थिति बनी हुई है. सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर है, कि आखिरकार हरीश रावत का कांग्रेस पार्टी के भीतर ही क्या भविष्य होने वाला है. इसी को लेकर ईटीवी भारत ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से बात की और यह जानने की कोशिश की कि आखिरकार हरीश रावत को लेकर चल रहे इस विवाद पर पार्टी के कार्यकर्ता और नेता क्या चाहते हैं.

इस मामले पर वैसे तो पार्टी के नेता बात करने से बचते हुए नजर आ रहे हैं, लेकिन पार्टी में अंदरूनी चर्चा का विषय इस समय हरीश रावत ही बने हुए हैं. तमाम पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से जब पार्टी के भीतर बड़े नेताओं के बीच चल रही इस गहमागहमी पर बात की गई, तो उन्होंने इस पर मिली जुली प्रतिक्रिया दी.

हाईकमान से मजबूत निर्णय लेने की मांग: पार्टी के नेताओं ने कहा कि हरीश रावत पार्टी के भीतर एक दिग्गज नेता के रूप में विद्यमान हैं. पार्टी को भी उनकी बातों के हिसाब से स्पष्ट स्थिति रखते हुए निर्णय लेना चाहिए. कई पार्टी कार्यकर्ता और नेता हरीश रावत के पक्ष में दिखाई दिए, तो कुछ ने साफ किया कि इस समय चुनाव के दौरान कांग्रेस हाईकमान को मजबूती के साथ निर्णय लेना चाहिए, इसमें कोई दबाव नहीं दिखना चाहिए.

हरीश रावत की भूमिका स्पष्ट हो: पार्टी नेता राजेंद्र शाह कहते हैं कि-

हरीश रावत ने जो बात सोशल मीडिया पर लिखी है, उसके हिसाब से हाईकमान को हरीश रावत की भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए कि उनका भविष्य में कैसे उपयोग करना है या नहीं करना है.
-राजेंद्र शाह, नेता, कांग्रेस-

दुविधा खत्म करे पार्टी हाईकमान: इसी तरह कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता सुजाता पॉल ने कहा कि-

इस समय राहुल गांधी के निर्देश के लिहाज से पूरी पार्टी का ध्यान वोट चोरी जैसे मुद्दे पर होना चाहिए. ऐसे में पार्टी हाई कमान को इस दुविधा को खत्म करना चाहिए और सार्वजनिक रूप से इस तरह की बातें नहीं होनी चाहिए.
-सुजाता पॉल, कांग्रेस प्रवक्ता-

हरीश रावत पार्टी के लिए बरगद के समान: इसी तरह पार्टी के कुछ नेता हरीश रावत को पार्टी के भीतर बरगद के रूप में बताते हैं और उनका पार्टी में चुनाव के दौरान उपयोग किए जाने का भी सुझाव देते हैं. नीरज त्यागी कहते हैं कि-

पार्टी में हाई कमान और हरीश रावत के बीच जो चल रहा है, उसे जल्द से जल्द खत्म करना चाहिए, ताकि आने वाले चुनाव में पार्टी एकजुट होकर केवल चुनाव पर फोकस कर सके.
-नीरज त्यागी, नेता, कांग्रेस-

हरीश रावत मामले में ठोस निर्णय लेने का सुझाव: इसी तरह पार्टी के तमाम कार्यकर्ता भी अपनी मिली जुली प्रतिक्रिया देते हुए इस पूरे प्रकरण पर हाई कमान से कोई ठोस निर्णय लेने का सुझाव देते हुए नजर आते हैं.

क्या है हरीश रावत का संदेश? कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने आज सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखा है. उन्होंने लिखा-

"लुढ़कते-लुढ़कते, घिसते-घिसते, शून्य में मिल सकता हूँ, लेकिन टूट नहीं सकता हूँ!" यह शाश्वत सत्य है कि पार्टी से बड़ा कोई नहीं होता और नेतृत्व के प्रति आस्था लोकतंत्र को शक्ति देती है। मैंने हमेशा पार्टी को बड़ा माना और नेतृत्व के प्रति अटूट आस्था रखी। वर्ष 2002 और वर्ष 2012 से, और कठिन मेरी कोई परीक्षा नहीं हो सकती थी। उस परीक्षा में भी मैं अटूट रूप से पार्टी के साथ खड़ा रहा और उसके झंडे को ऊंचा उठाए रखा।पार्टी ने निश्चय ही उसका मुझे पुरस्कार भी दिया— केंद्रीय मंत्री बनाया, मुख्यमंत्री बनाया। हमारा लक्ष्य पार्टी हित होना चाहिए और मैं अपने कलमी भाइयों और राजनीतिक दोस्तों को स्पष्ट बता देना चाहता हूँ कि जिस क्षण हरीश रावत को लगेगा कि मैं पार्टी के लिए भार हो रहा हूँ या मुझसे कहा जाएगा कि आप घर बैठिए, मैं बिना पलक झपकाए आदेश का #पालन करूँगा।
-हरीश रावत, नेता कांग्रेस-

ये भी पढ़ें: