वीकेंड पर जाम हुआ हरिद्वार, हाईवे पर रेंगती दिखी गाड़ियां, थमी शहर की रफ्तार
भीड़ और जाम के चलते जहां स्थानीय लोग परेशान हुए, वहीं जाम में फंसे यात्रियों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : May 31, 2026 at 3:46 PM IST
हरिद्वार: रविवार के दिन हरिद्वार में हाईवे पर ट्रैफिक का दबाव देखा गया है. शंकराचार्य चौक, चंडी घाट चौक, पंतद्वीप पार्किंग और उत्तरी हरिद्वार के कई क्षेत्रों में हाईवे पर ट्रैफिक जाम लग गया. जाम के कारण लोगों को पार्किंग तक पहुंचने में मिनटों का सफर तय करने में घंटों लग रहे हैं. जाम को खुलवाने में ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के पसीने छूट गए.
दरअसल, जून की शुरुआत से ठीक एक दिन पहले स्कूलों की छुट्टियां शुरू हो गई हैं. यही कारण है कि वीकेंड के चलते लोग छुट्टियां मनाने के लिए घर से निकल रहे हैं. बड़ी संख्या में दिल्ली, हरियाणा और पश्चिमी यूपी के लोग हरिद्वार, ऋषिकेश और अन्य पहाड़ी इलाकों का रुख कर रहे हैं. रविवार के दिन हरिद्वार में हाईवे पर वाहन रेंगते हुए नजर आए. मिनटों की दूरी तय करने में यात्रियों को घंटे लग गए.
जाम खुलवाने में छूटे पसीने: हालांकि सुबह के वक्त तो हल्की बारिश में लोगों को ज्यादा मुश्किले नहीं हुई लेकिन दोपहर होने के साथ तापमान भी बढ़ गया. जिससे लोगों के जाम में खड़े रहकर पसीने छूट गए. हरिद्वार में आलम ये है कि हरिद्वार की पंतदीप, दीनदयाल, खड्डा पार्किंग समेत सभी छोटी बड़ी पार्किंग भी गाड़ियों से पैक हो गई. हरिद्वार के चौक चौराहों पर खड़े ट्रैफिक पुलिस और सिविल पुलिस के जवानों के जाम को खुलवाने में पसीने छूट गए.
हरिद्वार तीर्थ स्थलों पर उमड़ी भीड़: दरअसल हरिद्वार में हरकी पैड़ी, चंडी देवी और मनसा देवी मंदिर होने के साथ ही कई मठ मंदिर हैं. यही कारण है कि लोग बाहर से हरिद्वार में तीर्थ यात्रा करने पहुंचते हैं. जहां पिछले कई महीनों से हरिद्वार सुनसान था, वहीं गर्मी बढ़ने के साथ हरिद्वार यात्रियों से गुलजार होने लगा. सभी तीर्थ स्थलों पर यात्रियों की भीड़ उमड़ रही है. इसके साथ ही गर्मियों की छुट्टियां पड़ते ही, भीड़ का दबाव भी बढ़ गया.
वीकेंड की वजह से जाम हुआ हाईवे: इस बार वीकेंड पर हाईवे के साथ ही हरिद्वार शहर के बाजारों में भी यात्रियों की रौनक नजर आई. भीड़ और जाम के चलते जहां स्थानीय लोग परेशान हुए, वहीं जाम में फंसे यात्रियों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. यात्रियों ने जाम के लिए स्थानीय प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया. मजबूत ट्रैफिक प्लान बनाने की मांग भी की.
क्या बोले अधिकारी: एसएसपी के निर्देश पर सभी पुलिस अधिकारी सड़क पर उतरकर जाम खुलवाते नजर आए. एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा को सफल एवं सुरक्षित बनाने के लिए हरिद्वार पुलिस मुस्तैद है. गर्मियों की छुट्टियां शुरू होते ही लाखों श्रद्धालु धर्मनगरी हरिद्वार पहुंच रहे हैं. जिसके कारण भीड़ का दबाव बढ़ा है. श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरिद्वार पुलिस लगातार ड्यूटी पर तैनात है. उन्होंने अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें. निर्धारित पार्किंग का उपयोग करें. किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की सहायता लें.
पढ़ें- वीकेंड पर जाम में जकड़ी पहाड़ों की 'रानी', घंटों सड़कों पर रेंगती रही गाड़ियां, टेंशन में टूरिस्ट

