अंकिता हत्याकांड, वीआईपी कंट्रोवर्सी पर पुलिस के सामने पेश हुए सुरेश राठौर, SIT ने की घंटों पूछताछ
उर्मिला सनावर के बाद आज सुरेश राठौर भी हरिद्वार में एसआईटी के सामने पेश हुए है. राठौर से पुलिस ने घंटों पूछताछ की.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : January 9, 2026 at 9:00 PM IST
हरिद्वार: अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी कंट्रोवर्सी में फंसे पूर्व विधायक सुरेश राठौर भी हरिद्वार में एसआईटी के सामने पेश हुए है. बताया जा रहा है कि एसआईटी ने सुरेश राठौर से करीब पांच घंटे तक पूछताछ की. पूछताछ के लिए सुरेश राठौर को एसओजी कार्यालय बुलाया गया था.
अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी कंट्रोवर्सी मामले में सुरेश राठौर पर हरिद्वार के बहादराबाद और झबरेडा थाने में मुकदमा दर्ज है. इसके अलावा दो मुकदमे देहरादून के नेहरू कॉलोनी और डालनवाला थाने में भी दर्ज है. चारों मुकदमों में सुरेश राठौर को हाईकोर्ट से राहत मिली चुकी है. हाईकोर्ट ने सुरेश राठौर की गिरफ्तारी पर रोक लगा रखी है. हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद सुरेश राठौर आज 9 जनवरी को हरिद्वार में एसआईटी के सामने पेश हुए.
एसआईटी पूछताछ के बाद सुरेश राठौर ने पूरे मामले को साजिश करार दिया. उन्होंने दावा किया कि ऑडियो प्रकरण के पीछे उर्मिला सनावर की साजिश है. ऑडियो की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए. उर्मिला ने कांग्रेस के इशारे पर उन्हें बदनाम किया है. राठौर ने कहा कि सच सामने आने पर सभी तथ्य स्पष्ट हो जाएंगे.

वहीं आज शुक्रवार 9 जनवरी को उर्मिला सनावर को भी अपना मोबाइल कोर्ट में जमा करना था, लेकिन उन्होंने आज अपना मोबाइल कोर्ट में जमा नहीं कराया. उर्मिला ने मोबाइल जमा कराने के लिए एक दिन का समय मांगा हैं. इस संबंध में जांच अधिकारी की ओर से शुक्रवार को न्यायालय में पत्र भी प्रस्तुत किया गया है. एसआईटी मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है. दोनों पक्षों के बयानों व साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है.
जानिए पूरा मामला, दरअसल खुद को पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी कहने वाली उर्मिला सनावर ने फेसबुक पर एक वीडियो जारी किया था. वीडियो में उर्मिला सनावर ने अपनी और सुरेश राठौर की मोबाइल पर हुई बातचीत की कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सुनाई थी. इस ऑडियो रिकॉर्डिंग में अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र भी है. इस ऑडियो रिकॉर्डिंग के बाद ही अंकिता भंडारी हत्याकांड में फिर से वीआईपी कंट्रोवर्सी का मुद्दा और पूरे प्रदेश में हंगामा हो गया.

कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग में दोनों ने कई लोगों के नाम लिए है. इसके बाद ही सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ देहरादून और हरिद्वार में अलग-अलग मुकदमे दर्ज हुए है. मुकदमे दर्ज होने के बाद दोनों गायब हो गए थे. हालांकि सात जनवरी को उर्मिला सनावर ने देहरादून और आठ जनवरी के हरिद्वार में पुलिस के सामने अपने बयान दर्ज कराए. वहीं आज 9 जनवरी को हरिद्वार में सुरेश राठौर ने भी अपने बयान दर्ज कराए है. बता दें कि आज 9 जनवरी को सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी अंकिता भंडारी हत्याकांड में सीबीआई जांच की संस्तुति दी है.
पढ़ें---
- अंकिता भंडारी के माता-पिता का भालू से हुआ सामना, बाल-बाल बची जान, जानिए कैसे?
- अंकिता भंडारी मर्डर केस की होगी CBI जांच, सीएम धामी ने दी मंजूरी
- अंकिता भंडारी के नाम से जाना जाएगा राजकीय नर्सिंग कॉलेज डोभ, शासनादेश हुआ जारी
- अंकिता भंडारी हत्याकांड, जानिए सीएम को सौंपे पत्र में माता-पिता ने CBI जांच के अलावा क्या रखी मांगें
- अंकिता भंडारी के माता-पिता ने सीएम धामी से की मुलाकात, मुख्यमंत्री के सामने रखी अपनी पीड़ा और मांग
- अंकिता केस के जरिए लाया सियासी भूचाल! कुछ दिन रहे 'अंडरग्राउंड', अब सामने आए सुरेश राठौर-उर्मिला सनावर

