हरिद्वार रोशनाबाद जेल में कैदियों ने खेली होली, जमकर उड़ाया अबीर गुलाल
जेल में कैदी भक्ति गीतों और होली के पारंपरिक गीतों पर झूमते नजर आए.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 28, 2026 at 5:43 PM IST
हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में होली के पर्व की धूम के बीच रोशनाबाद स्थित जिला कारागार में भी रंगों की फुहार देखने को मिली. श्री अखंड परशुराम अखाड़ा के सौजन्य से आयोजित होली मिलन समारोह में जेल में निरुद्ध बंदियों ने उत्साह के साथ भाग लिया. कार्यक्रम के दौरान सभी ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं.
होली मिलन कार्यक्रम में सभी ने आपसी प्रेम, भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया. कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं. भक्ति गीतों और होली के पारंपरिक गीतों पर बंदी झूमते नजर आए. जेल प्रशासन की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया.
वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज आर्य ने कहा कि कारागार में समय समय पर विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. जिससे बंदियों के मानसिक संतुलन को मजबूत किया जा सके. उन्होंने कहा कि होली आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का पर्व है। ऐसे आयोजनों से बंदियों में सकारात्मक सोच विकसित होती है. उनके भीतर नई ऊर्जा का संचार होता है. प्रयास रहता है कि बंदी अपने अतीत की गलतियों से सीख लेकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ें. वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित हों.
महामंडलेश्वर विश्वपुरी महाराज ने कहा रंगों का यह पर्व मनुष्य को भेदभाव मिटाकर एक दूसरे को अपनाने की सीख देता हैं. जब कारागार जैसे स्थान पर भी प्रेम और सद्भाव का वातावरण बनता है तो यह समाज के लिए सकारात्मक संकेत है. उन्होंने कहा कि सुधार ही कारागार का मूल उद्देश्य है. ऐसे आयोजन उसी दिशा में सार्थक कदम हैं.
पढे़ं- होली से पहले बढ़ी बाजारों की रौनक, मिलन कार्यक्रमों की धूम, एक्शन में पुलिस प्रशासन
पढे़ं- हरिद्वार में नागा साधुओं ने होली को बनाया खास, सेलिब्रेशन में आस्था और परंपरा की गूंज, दिया ये संदेश

