नए साल के आखिरी दिन हरिद्वार पुलिस ने दिया गिफ्ट, लोगों के चेहरों पर लौटी मुस्कान, पढ़ें पूरी खबर
हरिद्वार पुलिस ने लोगों के फोन बरामद कर उनके मालिकों को सौंपकर उनके चेहरे पर खुशी लौटाई.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : January 1, 2026 at 7:45 AM IST
हरिद्वार: साल के आखिरी दिन हरिद्वार पुलिस ने लोगों को बड़ी राहत देने का काम किया है. ऑपरेशन रिकवरी के तहत सिडकुल थाना और नगर कोतवाली पुलिस ने 138 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को लौटाकर चेहरे पर मुस्कान बिखेरी. बरामद सभी मोबाइल की कीमत करीब 34 लाख रुपये बताई जा रही है. लंबे समय से खोए हुए मोबाइल वापसी की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरों पर मोबाइल मिलते ही रौनक लौट आई.
सिडकुल थाना पुलिस ने 126 खोए हुए मोबाइल रिकवर किए हैं, जिनकी मार्किट वैल्यू करीब 32 लाख रुपये बताई जा रही है. जबकि नगर कोतवाली पुलिस ने 12 मोबाइल बरामद किए, जिनकी मार्किट वैल्यू करीब एक लाख अस्सी हजार रुपए रुपये है. यह सभी मोबाइल सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर पोर्टल की मदद से ट्रेस किए गए, जो खोए या चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी में महत्वपूर्ण साबित हुआ.
सिडकुल थाने में एसपी क्राइम जितेंद्र मेहरा ने बताया कि हरिद्वार पुलिस केवल अपराध और नशा तस्करी पर अंकुश लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन की समस्याओं का समाधान भी कर रही है. मोबाइल जैसे जरूरी साधन के खोने के बाद ऑपरेशन रिकवरी उनके लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आया. बरामद किए गए अधिकांश मोबाइल सिडकुल क्षेत्र में कार्यरत बाहरी राज्यों से आए श्रमिकों, विभिन्न कंपनियों के कर्मचारियों और स्थानीय निवासियों के हैं. मोबाइल वापस पाकर सभी ने हरिद्वार पुलिस का आभार जताया और इस पहल की सराहना की. जितेंद्र मेहरा ने बताया कि आगे भी सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से खोए मोबाइल की रिकवरी का अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को राहत मिल सके.
वैसे तो बरामद हुए सभी मोबाइल के खोने की शिकायत नगर कोतवाली और सिडकुल थाने में दर्ज हैं. दोनों थानों की पुलिस भी खोए हुए मोबाइल की तलाश में जुटी थी. लेकिन पुलिस के साथ साथ एसओजी की टीम ने भी अपनी भूमिका अदा की. लोगों ने तो शिकायत दर्ज कर पुलिस पर छोड़ दिया और भूल गए थे. लेकिन एसओजी की टीम लगातार खोए हुए मोबाइलों को ट्रैक कर रही थी. एसपी क्राइम जितेंद्र मेहरा ने बताया कि मोबाइल बरामदगी के लिए एएसपी निशा यादव के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी की टीम ने मिलकर काम किया है. खोए हुए मोबाइलों को पाकर सभी शिकायतकर्ता उत्साहित नजर आए. उन्होंने हरिद्वार पुलिस का आभार भी व्यक्त किया.
पढ़ें-

