ट्रक ड्राइवर के धर्म पूछकर पीटने के आरोप का हरिद्वार पुलिस ने किया खंडन, बताया विवाद का कारण
हरिद्वार के एसएसपी नवनीत भुल्लर ने कहा कि सारा विवाद मामूली बात को लेकर हुआ, इसमें धर्म पूछकर पीटने का आरोप गलत है

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 26, 2026 at 9:35 AM IST
हरिद्वार: उत्तर प्रदेश के एक ट्रक ड्राइवर द्वारा हरिद्वार में उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया था. ड्राइवर का आरोप था कि उसे धर्म पूछकर पीटा गया. ट्रक ड्राइवर के इन आरोपों का हरिद्वार पुलिस ने खंडन किया है. पुलिस का कहना है कि ट्रक के पहिए पर लघु शंका करने को लेकर हुए विवाद में मारपीट हुई थी.
धर्म पूछकर मारपीट की घटना का पुलिस ने किया खंडन: ट्रक ड्राइवर ने आरोप लगाया था कि वह एक ढाबे पर रुका था. वहां पर आरोपियों ने पहले उससे नाम पूछा और जब उन्हें पता लगा कि वो दूसरे धर्म का है, तो फिर लाठी डंडों से मारपीट करने लगे. युवक ने ये भी आरोप लगाया था कि पुलिस उसकी सुनवाई नहीं कर रही है.
दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज: वहीं हरिद्वार पुलिस ने मारपीट की घटना को तो स्वीकार किया है. लेकिन धर्म पूछकर मारपीट के आरोपों का खंडन किया है. पुलिस का कहना है कि ट्रक के पहिए पर यूरीनेशन करने को लेकर मारपीट हुई थी. बहादराबाद थाने में दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
ये है पूरा मामला: घटना 22 फरवरी की रात की है, जब ट्रक ड्राइवर के साथ मारपीट की गई थी. आरोप है कि उसके सिर में टांके आए हैं. साथ ही शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं. इस मामले में पहले पीड़ित ने आरोप लगाया था कि उसकी पुलिस कोई सुनवाई नहीं कर रही है. पीड़ित के समर्थन में हरिद्वार के मुस्लिम ट्रांसपोर्टर भी आए. हालांकि बीती मंगलवार रात करीब 11 बजे पुलिस ने इस मामले में एक नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया. लेकिन पुलिस धर्म पूछकर मारपीट करने की बात से इनकार कर रही है. वहीं दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.
एसएसपी ने बताया क्या था विवाद: हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर का कहना है कि-
बीती 22 फरवरी की रात्रि को कलियर-बहादराबाद मार्ग पर स्थित ढाबे के पास फिरोज आलम पुत्र कमरे आलम निवासी मन्सूरपुर माफी, मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश, ने किसान ढाबे के पास अपना ट्रक खड़ा किया हुआ था. उसी रात नितीश पाल, विभांशु अपने दोस्त अंकुर चौहान, गौरव और कार्तिक चौहान के साथ किसान ढाबे पर खाना खाने गए थे. नितीश और विभांशु, फिरोज की ट्रक की आड़ में जाकर लघु शंका करने लगे थे.
ये देखकर ट्रक ड्राइवर फिरोज द्वारा उनको टोका गया था. इस पर फिरोज की नितीश और विभांशु के साथ गाली गलौज और मारपीट हुयी थी. दोनों पक्ष एक-दूसरे को पूर्व से नहीं जानते थे. जो भी घटना हुई वह अचानक से हुई घटित हुई थी. धर्म संबंधी टिप्पणी करने के कोई भी तथ्य प्रकाश में नहीं आए हैं.
-नवनीत भुल्लर, एसएसपी, हरिद्वार-
पुलिस जांच जारी: एसएसपी ने कहा कि दोनों पक्षों द्वारा मारपीट के संबंध में थाना बहादराबाद पर तहरीर दी गई. दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर थाना बहादराबाद में मुकदमा दर्ज किया गया है. जांच चल रही है, उसी अनुसार आगे की कार्रवाई होगी.
ये भी पढ़ें: रुद्रपुर में मंदिर के पास नमाज पढ़ने को लेकर विवाद, प्रबंधक पर शख्स को पीटने का आरोप, मुकदमा दर्ज

