हरिद्वार जिले में फर्जी प्रमाण पत्रों का 'खेल', जनसेवा केंद्र में बड़ा फर्जीवाड़ा, आरोपी गिरफ्तार
सीएससी सेंटर में आरोपी फर्जी प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पेन कार्ड, और अन्य दस्तावेज तैयार कर रहा था.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 20, 2026 at 5:05 PM IST
रुड़की: हरिद्वार जिले की पिरान कलियर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. दरअसल कलियर पुलिस ने जनसेवा केन्द्र की आड़ में बनाए जा रहे फर्जी जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज बनाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. इसी के साथ पुलिस को मौके से भारी मात्रा में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र, मोहरें,इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मानवाधिकार आयोग का फर्जी पहचान पत्र समेत अन्य दस्तावेज भी बरामद हुए हैं. बताया गया है कि पकड़े गए आरोपी ने कलियर स्थित अलीशान होटल को अपना ऑफिस बनाया हुआ था.
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के पर्यवेक्षण में हरिद्वार जिले में चलाए जा रहे सत्यापन एवं सघन चेकिंग अभियान के सकारात्मक परिणाम लगातार सामने आ रहे हैं. इसी अभियान के चलते पिरान कलियर थाना पुलिस ने स्थानीय अभिसूचना इकाई के सहयोग से एक ऐसे जनसेवा केन्द्र का भंडांफोड़ करने में कामयाबी हासिल की है. यहां आरोपी युवक फर्जी मोहरों के सहारे जन्म प्रमाण पत्र समेत अन्य कूटरचित दस्तावेज बनाकर मोटा मुनाफा कमा रहा था.
कलियर थाना पुलिस टीम दवा सघन चेकिंग/सत्यापन अभियान चलाया गया. इसी दौरान क्षेत्र में चारमीनार के पीछे स्थित अलीशान होटल के शाहिदा मानवाधिकार जनसेवा केन्द्र का बोर्ड लगे कमरे में छापेमारी की गई तो एक व्यक्ति स्थानीय और बाहरी राज्यों के लोगों के जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड आदि बनाता हुआ पाया गया. पूछताछ में संदिग्ध व्यक्ति ने खुद को थाना साहिबगंज बिहार का निवासी बताते हुए मानवाधिकार आयोग का अध्यक्ष होने का दावा किया. साथ ही होटल आलीशान में (CSC) सीएससी. सेन्टर चलाकर सेन्टर में लोगों के मतदाता पहचान पत्र, पेन कार्ड, आधार कार्ड जन्म प्रमाण पत्र और अन्य कागजात बनाने की जानकारी दी.
संदिग्ध द्वारा जारी किए गए दस्तावेजों जन्म प्रमाण पत्र का पुलिस टीम ने अवलोकन करने पर पाया कि सभी जन्म प्रमाण पत्रों पर सीरियल नंबर 1 ही अंकित है. जिस पर उत्तराखंड राज्य का लोगो बना हुआ है. उक्त प्रमाण पत्रों पर उत्तराखण्ड सरकार अंग्रेजी व हिन्दी में छपा हुआ है. अधिकाशं प्रमाण पत्र हरिद्वार में निवासरत व्यक्तियों के बने हुए हैं. चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग नगर निगम रुद्रपुर के लेटर पैड पर जारी किए गए हैं. पुलिस टीम ने मौके से नगर पंचायत पिरान कलियर के ईओ से सम्पर्क कर व्हाटसअप पर उक्त जन्म प्रमाण पत्र की फोटो भेजकर जानकारी की.
उनके द्वारा बताया गया कि इस प्रमाण पत्र पर दो मोहर लगी हैं. उन्होंने जन्म प्रमाण पत्रों को फर्जी बताया. इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध शहनवाज (उम्र 24 वर्ष) पुत्र मोहम्मद प्यारे, निवासी ग्राम दाउदपुर थाना साहिबगंज जिला मुजफ्फरपुर बिहार, हाल निवासी अलीसान होटल पिरान कलियर से पूछताछ की. जिसमें उसने बताया कुछ डाक्यूमेन्ट वह खुद गूगल पर ऑनलाईन बनाता है. कुछ डाक्यूमेन्ट ऑनलाइन मंगाकर प्रिन्ट निकलवाकर लोगों को देता है. पुलिस की जांच में आरोपी अब तक लगभग एक हजार से अधिक जन्म प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेज बना चुका है.
पुलिस टीम द्वारा आरोपी शहनवाज की दुकान की तलाशी के दौरान 45 कूटरचित जन्म प्रमाण पत्र, एक लैपटाप, लैपटाप चार्जर, एक अदद माउस, एक अदद मोबाइल फोन Redmi और 6 आधार कार्ड, 7 अलग-अलग मोहरें बरामद हुई हैं. पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ मुअस-29/2026 धारा-336 (3), 338, 339 बीएनएस पंजीकृत किया गया है.
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कलियर थाना पुलिस ने एक होटल से शाहनवाज नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी द्वारा फर्जी प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पेन कार्ड, और अन्य दस्तावेज तैयार किए जा रहे थे. उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है.
पढ़ें- उत्तराखंड में फर्जी आधार और पैन कार्ड बनाने का खेल, पुलिस ने किया भंडाफोड़, आरोपी अरेस्ट
पढ़ें- रुड़की जमीन फर्जीवाड़ा: मनीष बॉलर के सहयोगी को STF ने पकड़ा, फर्जी आधार कार्ड लगाकर दी थी गलत गवाही

