ETV Bharat / state

हनुमानगढ़: चोरी के शक में तीन युवकों से मारपीट में एक की मौत, 5 नामजद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज

चोरी के शक में मारपीट के दौरान एक युवक की मौत पर विवाद गहरा गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

चोरी के शक में मारपीट
टिब्बी थाना, हनुमानगढ़ (ETV Bharat Hanumangarh)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : September 1, 2026 at 7:18 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

हनुमानगढ़: जिले के टिब्बी थाना इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. कथित तौर पर तार चोरी के संदेह में तीन युवकों को ग्रामीणों ने पकड़कर बंधक बनाया और उनके साथ मारपीट की. इस घटना का करीब 1 मिनट 14 सेकेंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि, ईटीवी भारत वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है. वायरल वीडियो में तीन युवक जमीन पर बैठे दिखाई दे रहे हैं. कुछ लोग उनका वीडियो बनाते हुए उनसे पुलिस की तरह पूछताछ करते नजर आ रहे हैं. वीडियो में मौजूद लोग युवकों से सवाल-जवाब करते हुए कथित तौर पर यह कहते भी सुनाई दे रहे हैं कि अभी उनकी "सर्विस", यानी पिटाई कम हुई है और आगे भी करनी पड़ेगी. वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले ने गंभीर रूप ले लिया है. पुलिस अब वायरल वीडियो और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.

तार चोरी के शक में तीन युवकों को पकड़ा: टिब्बी थाना प्रभारी राकेश सांखला ने बताया कि घटना टिब्बी थाना क्षेत्र के दौलतपुरा-मल्लड़खेड़ा इलाके की है. आरोप है कि ट्यूबवेलों से तार चोरी करने के संदेह में ग्रामीणों ने तीन युवकों को पकड़ लिया था. बताया जा रहा है कि तीनों युवक नगराना गांव के रहने वाले हैं, जिनमें दो सगे भाई हैं. आरोप है कि तीनों युवकों को मल्लड़खेड़ा-बशीर रास्ते पर बंधक बनाकर उनके साथ रातभर मारपीट की गई. रिपोर्ट के अनुसार, रात करीब 11 बजे से सुबह 4 बजे तक लाठी-डंडों से मारपीट किए जाने का आरोप है.

इसे भी पढ़ें- सीकर में NEET के दो छात्रों की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल...हॉस्टल संचालक और बाउंसरों पर केस

पूरे मामले की जांच में जुटी पुलिस: जांच थाना प्रभारी राकेश सांखला के मुताबिक, मामले में कुछ लोगों को राउंडअप कर उनसे पूछताछ की जा रही है. उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दिखाई देने वाले युवकों में से ही एक की मौत हुई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तीनों युवकों को किस परिस्थिति में पकड़ा गया, उनके साथ कितनी देर और किस तरह मारपीट की गई तथा घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे. पुलिस वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बना रही है.

गंभीर चोटों के कारण एक युवक की मौत: थाना प्रभारी ने बताया कि मारपीट में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. इनमें महेंद्र राम नाम के युवक की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, उसके भाई और एक अन्य युवक को इलाज के लिए टिब्बी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है. परिजनों और रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि गंभीर रूप से घायल महेंद्र को अस्पताल ले जाने की मांग की गई, लेकिन आरोपियों ने कथित तौर पर उसे अस्पताल ले जाने से इनकार कर दिया. हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है.

हत्या और SC/ST एक्ट में मामला दर्ज: पूरे मामले की कमान संभाल रहे संगरिया सीओ व डीएसपी शंकर छब्बा ने बताया कि घटनास्थल पर FSL की टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं. डीएसपी छब्बा के अनुसार, मृतक के भाई की शिकायत पर टिब्बी पुलिस थाने में 5 नामजद आरोपियों सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है. किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी. पुलिस ने मंगलवार को मेडिकल बोर्ड से मृतक महेंद्र के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है. फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं.

इसे भी पढ़ें- दौसा: बच्चे से छेड़छाड़ के आरोप में भीड़ ने युवक को जमकर पीटा, पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल