हनुमान जी का चांदी का मुकुट चोरी, कवर्धा के नवीन बाजार मंदिर की घटना, लोगों का फूटा गुस्सा
चोरी गया चांदी का मुकुट काफी कीमती है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल चोरों की पतासाजी कर रही है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : June 30, 2026 at 8:27 AM IST
कबीरधाम: शहर में चोरों के हौसले काफी बुलंद हो गए हैं. चोर अब मंदिरों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे. सोमवार को रेवाबंध तालाब के पास नवीन बाजार हनुमान मंदिर में चोरों ने सेंधमारी की. चोरों ने यहां से भगवान का चांदी का मुकुट चुरा लिया. चोरी गया मुकुट काफी कीमती थी और 25 से 30 तोले चांदी में बना था. चोरी की इस वारदात से स्थानीय लोगों और भक्तों में भारी गुस्सा है.
हनुमान मंदिर से भगवान का मुकुट चोरी
स्थानीय लोगों को मुताबिक सोमवार रात सात बजे मंदिर में नियमित आरती और पूजा-पाठ संपन्न हुआ था. उस समय तक सब कुछ सामान्य था. करीब आठ बजे जब मंदिर का दरवाजा बंद करने पुजारी और अन्य लोग पहुंचे तो भगवान बजरंगबली की प्रतिमा से चांदी का मुकुट गायब मिला. घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है. पुलिस अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है.

चोर अब बेखौफ होकर मंदिरों को भी निशाना बना रहे हैं. हमारी मांग है कि जल्द से जल्द चोर को पकड़ा जाए और कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए. मंदिरों की सुरक्षा भी जिला प्रशासन को सुनिश्चित करनी चाहिए: लखनलाल, स्थानीय निवासी
आरती के बाद चोरी की वारदात
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में पिछले कुछ समय से मंदिरों में चोरी और देवी-देवताओं की मूर्तियों से छेड़छाड़ अथवा उन्हें खंडित किए जाने जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, इससे श्रद्धालुओं में नाराजगी है. लोगों ने बढ़ती वारदातों को देखते हुए मंदिरों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं. घटना के बाद लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी करने, चोरी हुए मुकुट की बरामदगी सुनिश्चित करने तथा शहर के मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है
कपड़े के शोरुम में लगी भीषण आग, कवर्धा दमकल टीम ने पाया आग पर काबू
खंडहर में मिली अज्ञात व्यक्ति की सड़ी-गली लाश, जांच में जुटी पुलिस
बिजली की बढ़ती दर के खिलाफ कांग्रेसियों ने किया बिजली विभाग का घेराव, सरकार का पुतला जलाया

