ETV Bharat / state

हांसी के बडाला गांव में जमीन विवाद में गरजी बंदूकें, 4 लोगों को लगी गोली

हांसी के बडाला गांव में जमीनी विवाद में दो पक्षों में फायरिंग हुई. इस दौरान पांच लोग घायल हो गए.

HANSI LAND DISPUTE FIRING CASE
हांसी के बडाला गांव में जमीन विवाद में चली गोलियां (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : May 12, 2026 at 3:44 PM IST

|

Updated : May 12, 2026 at 6:30 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हांसी: हरियाणा के हांसी के गांव बडाला में एक बार फिर जमीनी विवाद को लेकर रिश्ते तार-तार हो गए. जमीन के विवाद में मामा पक्ष के लड़कों ने अपनी ही बुआ के बेटे कश्मीर लाल पर गोली चला दी. गनीमत रही कि कश्मीर लाल बाल-बाल बच गया. घटना के दौरान कश्मीर लाल के साथ आए दो लोगों को गोली लगी, जबकि गांव बडाला के भी दो लोग घायल हुए हैं. पुलिस जांच के अनुसार वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी विक्की ने खुद को भी पैर में गोली मार ली.

जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष : आपको बता दे कि हांसी जिले के बडाला गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया था. घायलों को इलाज के लिए हांसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से उनको अग्रोहा मेडिकल में रेफर कर दिया गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस फिलहाल कुछ भी इस मामले पर नहीं बोल रही है.

हांसी के बडाला गांव में जमीन विवाद में गरजी बंदूकें (ETV Bharat)

कश्मीर लाल के नाम दर्ज है जमीन : हांसी में हुए खूनी संघर्ष मामले को लेकर हांसी पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि विवादित जमीन कश्मीर लाल के नाम दर्ज है और इस मामले में पैसों के लेन-देन जैसी कोई बात सामने नहीं आई है. उन्होंने बताया कि यह जमीन कश्मीर लाल के नाना से उसकी मां के नाम आई थी, और बाद में मां से कश्मीर लाल के नाम जमीन ट्रांसफर हुई. जब वो अपनी जमीन लेने के लिए आया तो 3 मई को भी इनका झगड़ा हुआ था. पुलिस जांच में सामने आया है कि जमीन के लालच में आकर मामा पक्ष के लड़कों ने इस खूनी घटना को अंजाम दिया. आज अपनी जमीन का हक लेने रोहतक से कश्मीर लाल के साथ आए लोगों पर विकास उर्फ विक्की ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से कई राउंड फायर किए. इस खूनी संघर्ष में विक्की ने तेजवीर, भरत सिंह, और पवन , आदित्य पर गोली चला दी। इन चारों घायलों का अग्रोहा मेडिकल में इलाज जारी है. वहीं विक्की को मौके पर पुलिस ने रिवॉल्वर के साथ पकड़ लिया है. उसी दौरान विक्की ने भी खुद को अपने पांव पर गोली मारी है. मामले में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

पुलिस कर रही जांच : हांसी में हुए खूनी संघर्ष मामले में जमीन विवाद को लेकर पहले से तनाव बना हुआ था. इसी विवाद के चलते 3 मई को बास थाने में भी एक मुकदमा दर्ज किया गया था. पुलिस के अनुसार उस दौरान विक्की के खिलाफ केस दर्ज हुआ था. अब पुलिस पुराने मुकदमे और हालिया खूनी संघर्ष दोनों पहलुओं को जोड़कर मामले की गहन जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें: जींद में पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश में रंगदारी मांगने का आरोपी हुआ घायल, अस्पताल में भर्ती

Last Updated : May 12, 2026 at 6:30 PM IST