ETV Bharat / state

हांसी चानौत जल संघर्ष तेज, पानी के लिए आर-पार की लड़ाई, ग्रामीण बोले- "समाधान नहीं हुआ तो राष्ट्रपति से करेंगे इच्छामृत्यु की मांग"

हांसी चानौत में पानी को लेकर आंदोलन तेज हो गया है. ग्रामीणों ने समाधान न होने पर राष्ट्रपति से इच्छामृत्यु मांगने की चेतावनी दी.

hansi Chanot Water Protest
हांसी चानौत जल संघर्ष तेज (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : June 24, 2026 at 3:17 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हांसी: पानी की मांग को लेकर हांसी के गांव चानौत में चल रहा आंदोलन अब और उग्र हो गया है. ग्रामीणों ने जंजीरों में बंधकर पूरे गांव में विरोध मार्च निकाला और कहा कि, "यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वे राष्ट्रपति से मिलकर इच्छामृत्यु की मांग करेंगे. पहले सरकार की जानकारी में टी-कनेक्शन लगाया गया, बाद में उसे हटाकर ग्रामीणों पर लाठीचार्ज कराया गया और केस दर्ज कर दिए गए. " वहीं, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने विवादित स्थल को छोड़कर आगे पाइपलाइन बिछाने का कार्य पुलिस सुरक्षा के बीच शुरू कर दिया है.

40 दिन से जारी है आंदोलन: भाखड़ा जल आपूर्ति से जुड़े टी-कनेक्शन विवाद को लेकर गांव में पिछले करीब 40 दिनों से धरना जारी है. ग्रामीणों का कहना है कि उनकी एकमात्र मांग शहरी पाइपलाइन से टी-कनेक्शन देकर नियमित पेयजल उपलब्ध कराने की है. आंदोलन के दौरान कई दौर की वार्ता प्रशासन और सरकार के प्रतिनिधियों के साथ हुई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी. मंत्री रणबीर गंगवा, महिपाल ढांडा, विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ हुई बैठकों का भी समाधान नहीं निकला.

hansi Chanot Water Protest
ग्रामीण बोले- "समाधान नहीं हुआ तो राष्ट्रपति से करेंगे इच्छामृत्यु की मांग" (ETV Bharat)

"टी हटवाई गई, महिलाओं पर लाठीचार्ज कराया": धरना कमेटी प्रमुख अनूप चानौत ने आरोप लगाते हुए कहा कि, "सरकार ने पहले टी लगवाई, बाद में उसे हटवा दिया. महिलाओं पर लाठीचार्ज हुआ और फिर उन्हीं पर केस दर्ज कर दिए गए. हमारे साथ अन्याय किया गया है. ग्रामीण केवल अपने हिस्से का पानी मांग रहे हैं और जब तक स्थायी समाधान नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा."

पानी के लिए आर-पार की लड़ाई (ETV Bharat)

"अब राष्ट्रपति से करेंगे इच्छामृत्यु की मांग": अनूप चानौत ने आगे कहा कि, "अगर जल्द समाधान नहीं निकला तो पूरा गांव राष्ट्रपति के नाम इच्छामृत्यु की मांग का ज्ञापन देगा. खाप भी जल्द बैठक कर हांसी विधानसभा क्षेत्र में विधायक की नो-एंट्री को लेकर अभियान चलाएगी. हमारे गांव में पहले से ही विधायक की नो-एंट्री लागू है. पानी जैसी मूलभूत जरूरत को लेकर इतना बड़ा विवाद क्यों खड़ा किया जा रहा है."

विभाग ने विवादित स्थल छोड़ आगे शुरू किया काम: इस बीच जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने चानौत के विवादित हिस्से को छोड़कर गांव से आगे राजली हेड की दिशा में पाइपलाइन बिछाने का कार्य दोबारा शुरू कर दिया है. कार्यस्थल पर किसी भी तरह के विरोध की आशंका को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया है. विभाग का कहना है कि निर्माण कार्य निर्धारित योजना के अनुसार आगे बढ़ाया जा रहा है. मामले में मीडिया से बातचीत के दौरान जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी संजीव त्यागी ने कहा कि, "विवादित जगह को छोड़कर पाइपलाइन का कार्य जारी है. विभाग नियमानुसार आगे की प्रक्रिया पूरी कर रहा है."

इधर, ग्रामीणों का कहना है कि अलग पाइपलाइन का प्रस्ताव उन्हें स्वीकार नहीं है. उनका दावा है कि इससे नियमित जलापूर्ति की गारंटी नहीं मिलेगी. आंदोलनकारियों ने दोहराया कि जब तक शहरी पाइपलाइन से टी-कनेक्शन देकर स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक उनका धरना और विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा.

ये भी पढ़ें: हांसी भाखड़ा टी-कनेक्शन विवाद: जंजीरों में बंधे चानौत के ग्रामीण, बोले- "पानी दो या हमें गुलाम घोषित करो"