हमीरपुर की प्रांजलि सिंह इंडियन नेवी में कैडेट चयनित, सीएम सुक्खू ने दी बधाई
12वीं का एग्जाम पास करने के बाद ही प्रांजलि सिंह का चयन भारतीय नौसेना में कैडेट के पद पर हुआ है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 29, 2025 at 12:36 PM IST
हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के बेटी प्रांजलि सिंह का भारतीय नौसेना में कैडेट के पद पर चयन हुआ है. प्रांजलि सिंह हमीरपुर जिले की ग्राम पंचायत सपड़ोह की रहने वाली हैं. इंडियन नेवी में बेटी का चयन होने पर परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है. अपनी इस उपलब्धि ने प्रांजलि ने न सिर्फ नादौन क्षेत्र बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है.
भाई मर्चेंट नेवी में दे रहा सेवाएं
प्रांजलि के पिता दलजीत पठानिया ने बताया कि प्रांजलि ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बाद डीएवी स्कूल भड़ोली, नादौन से पूरी की. पिछले सत्र में ही 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की है. पढ़ाई के साथ-साथ वह खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों में भी सक्रिय रही, जिसका लाभ उसे चयन प्रक्रिया के दौरान मिला. 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद ही उसका चयन भारतीय नौसेना में कैडेट के पद के लिए हुआ, जो किसी भी युवा के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है. परिवार में देशसेवा का माहौल पहले से ही मौजूद है. प्रांजलि का बड़ा भाई प्रज्ज्वल मर्चेंट नेवी में अपनी सेवाएं दे रहा है, जिससे उसे भी प्रेरणा मिली.
बधाइयों का लगा तांता
पिता दलजीत पठानिया ने बताया कि उनकी बेटी बचपन से ही में मेहनती, अनुशासित और पढ़ाई में मेधावी रही है. उन्होंने कहा कि प्रांजलि ने हमेशा अपने लक्ष्य को स्पष्ट रखा और कठिन परिश्रम से यह मुकाम हासिल किया. ग्रामीणों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने प्रांजलि को बधाइयां देते हुए उसके उज्जवल भविष्य की कामना की है. प्रांजलि सिंह के पिता दलजीत पठानिया कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक में दिल्ली में सेवाएं दे रहे हैं. जबकि उनकी माता रीना कुमारी सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल चौडू, नादौन में वाणिज्य विषय की प्रवक्ता के रूप में कार्यरत है.
सीएम सुक्खू ने दी बधाई
प्रांजलि का कहना है कि वह देश की सेवा कर अपने माता-पिता और प्रदेश का नाम रोशन करना चाहती है. इस उपलब्धि पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी प्रांजलि सिंह को बधाई दी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रांजलि जैसी बेटियां प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और यह सफलता बेटियों की प्रतिभा और क्षमता को दर्शाती है. प्रांजलि की सफलता से सपड़ोह गांव सहित पूरे नादौन क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग उसे उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं.

