घर के पास खेल रही बच्ची रहस्यमयी तरीके से हुई लापता, 6 दिनों बाद भी नहीं मिला सुराग, सदमे में परिजन
हमीरपुर के बड़सर में 6 दिन से लापता बच्ची की तलाश के लिए पुलिस ने बढ़ाया सर्च ऑपरेशन का दायरा.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : April 20, 2026 at 11:00 PM IST
हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के बड़सर में एक बच्ची घर के पास खेल रही थी, जो अचानक रहस्यमयी तरीके से गायब हो गई. परिजनों और ग्रामीणों ने जगह-जगह बच्ची को ढूंढ़ा, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला. वहीं, मामले में 6 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं. अभी तक बच्ची का कुछ सुराग नहीं मिल पाया है. ऐसे में पुलिस अब सर्च अभियान का दायरा बढ़ाने जा रही है.
दरअसल, मामला हमीरपुर जिला के उपमंडल बड़सर की ग्राम पंचायत कड़साई के कलवाड़ा गांव का है. 15 अप्रैल को घर के बाहर खेल रही 6 साल की नायरा अचानक रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई. वहीं, 6 दिन बीत जाने के बाद भी बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल पाया है. ऐसे में पुलिस प्रशासन ने नायरा की तलाश अब और तेज कर दी है. पांच दिनों से लगातार चल रहे सर्च अभियान के बावजूद बच्ची का पता नहीं चलने पर पुलिस और प्रशासन ने सर्च अभियान का दायरा बढ़ाने का फैसला लिया है. ताकि हर संभावित स्थान पर दोबारा और गहन तरीके से जांच की जा सके.
अब नायरा की तलाश उसके घर के आसपास एक किलोमीटर रेडियस में की जाएगी. इस व्यापक सर्च ऑपरेशन में पुलिस, प्रशासन, वन मित्र, आपदा मित्र और स्थानीय लोगों की टीमें शामिल होंगी. जंगल, खेतों, खड्डों और दुर्गम क्षेत्रों में भी विशेष रूप से तलाशी अभियान चलाया जाएगा. जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त टीमों और संसाधनों को भी तैनात किया जाएगा.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नायरा बीते बुधवार सुबह करीब 8 बजे अपने घर के पास खेल रही थी. इसी दौरान वह अचानक रहस्यमयी ढंग से लापता हो गई. परिजनों ने पहले अपने स्तर पर हर संभव जगह तलाश की, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चला. इसके बाद मामले की सूचना बड़सर पुलिस को दी गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बच्ची की तलाश शुरू कर दी थी.
स्थानीय पुलिस के साथ ग्रामीणों ने भी आसपास के इलाकों, खेतों और जंगलों में लगातार सर्च अभियान चलाया. मासूम को ढूंढने के लिए ड्रोन तकनीक का भी सहारा लिया गया, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है.
उपायुक्त हमीरपुर गंधर्वा राठौड़ ने बताया, 'नायरा के घर के एक किलोमीटर दायरे में सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा. क्षेत्र में जंगल अधिक होने के कारण वहां भी गहन तलाशी ली जाएगी. जरूरत के अनुसार टीमों और संसाधनों की संख्या बढ़ाई जाएगी. एसडीआरएफ, पुलिस, स्थानीय लोग और वन विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से कई चरणों में खोज अभियान चलाया, मगर मासूम का कोई सुराग हाथ नहीं लगा. प्रशासन अब सर्च ऑपरेशन को और व्यवस्थित और व्यापक रूप देने जा रहा है, ताकि किसी भी संभावना को नजरअंदाज न किया जाए'.
वहीं, 6 दिनों से बेटी के घर न लौटने से परिवार गहरे सदमे में है. परिजन बच्ची की सकुशल वापसी की दुआ कर रहे हैं. पूरे क्षेत्र के लोग भी मासूम के जल्द सुरक्षित मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को बच्ची से जुड़ी कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें.
ये भी पढ़ें: 'हां पुरुषों में भी होती है बच्चेदानी, इसमें हैरानी की बात नहीं', CM सुक्खू को MLA डॉ. जनक राज का जवाब

