ETV Bharat / state

स्मार्ट मीटर को लेकर हमीरपुर में बढ़ा विवाद, एसपी ऑफिस में लोगों दर्ज करवाई शिकायत

हमीरपुर में स्मार्ट मीटर का विरोध करने पर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए. नाराज उपभोक्ताओं ने एसपी हमीरपुर को सौंपी शिकायत.

बिजली कनेक्शन कटने के बाद एसपी कार्यालय पहुंचे उपोभोक्ता
बिजली कनेक्शन कटने के बाद एसपी कार्यालय पहुंचे उपोभोक्ता (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : August 28, 2026 at 2:48 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हमीरपुर: स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर हमीरपुर शहर में विवाद बढ़ता जा रहा है। शहर के गौड़ा क्षेत्र में कुछ उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर लगाने से इनकार कर दिया. इसपर बिजली बोर्ड की ओर से कथित तौर पर उनके बिजली कनेक्शन काट दिए गए. इससे नाराज उपभोक्ताओं ने वीरवार को उपभोक्ता कल्याण मंच के साथ पुलिस अधीक्षक हमीरपुर के कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई.

उपभोक्ताओं ने विद्युत बोर्ड और स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी के कर्मचारियों पर डराने-धमकाने और उनकी इच्छा के खिलाफ स्मार्ट मीटर लगाने का प्रयास करने के आरोप लगाए हैं. उपभोक्ताओं का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगाने से इनकार करने पर पहले उन्हें नोटिस दिए गए और इसके बाद उनके बिजली कनेक्शन काट दिए गए. उनका आरोप है कि बिजली जैसी आवश्यक सुविधा से वंचित कर उन पर स्मार्ट मीटर लगवाने का दबाव बनाया जा रहा है. उपभोक्ताओं ने पुलिस से मामले की जांच कर संबंधित अधिकारियों और कंपनी के कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

बिजली कनेक्शन कटने के बाद एसपी कार्यालय पहुंचे उपोभोक्ता (ETV Bharat)

'एक माह तक बिना बिजली के रहा परिवार'

उपभोक्ता कल्याण मंच के अध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने कहा कि 'उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाने का प्रयास किया जा रहा है. विरोध करने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटकर उन्हें अंधेरे में रखा जा रहा है. हमीरपुर शहर के एक अन्य क्षेत्र में भी कुछ उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए थे. एक परिवार को तो करीब एक माह तक बिजली के बिना रहना पड़ा और बाद में कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद उनकी बिजली आपूर्ति बहाल हुई. उपभोक्ता अपने पुराने मीटर ही रखना चाहते हैं और जबरदस्ती स्मार्ट मीटर लगाए जाने का विरोध कर रहे हैं'

इस मामले में पुलिस अधीक्षक से बिजली बोर्ड और स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि काटे गए बिजली कनेक्शन जल्द बहाल नहीं किए गए तो उपभोक्ता कल्याण मंच और स्थानीय लोग बिजली बोर्ड के अधिकारियों का घेराव करेंगे और कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे. मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को गांव-गांव तक ले जाया जाएगा और बड़े स्तर पर विरोध किया जाएगा.

विभाग की ओर से जारी किया गया नोटिस
विभाग की ओर से जारी किया गया नोटिस (ETV Bharat)
विभाग की ओर से जारी किया गया नोटिस
विभाग की ओर से जारी किया गया नोटिस (ETV Bharat)

चार बिजली कनेक्शन कटे

वहीं, गौड़ा निवासी प्रकाश गौतम ने बताया कि स्मार्ट मीटर नहीं लगवाने के कारण चार बिजली कनेक्शन काट दिए गए हैं. इससे परिवार को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा हैपुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कनेक्शन काटने वाले जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. वहीं पुरुषोत्तम प्रकाश ने कहा कि जब उपभोक्ता स्मार्ट मीटर नहीं लगवाना चाहते तो उन पर इसे क्यों थोपा जा रहा है. उन्होंने स्मार्ट मीटर की रीडिंग को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पुराने मीटर ठीक चल रहे हैं और उन्हें ही जारी रखा जाना चाहिए. उपभोक्ताओं ने स्पष्ट किया है कि यदि उनके कनेक्शन बहाल नहीं किए गए और स्मार्ट मीटर लगाने के लिए दबाव जारी रहा तो आने वाले दिनों में विरोध प्रदर्शन तेज किया जाएगा.

ये भी पढ़ें: स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए जरूरी सूचना, तुरंत चेक करें बिल, बकाया होने पर अपने आप कट सकती है बिजली