हिमाचल की बेटी नेहा पटियाल को UPSC CMS में मिली सफलता, सीएम सुक्खू ने दी बधाई
हिमाचल की नेहा पटियाल ने UPSC CMS एग्जाम में अपनी मेहनत और लगन से सफलता हासिल की है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 24, 2025 at 1:27 PM IST
हमीरपुर: जिला हमीरपुर की होनहार बेटी नेहा पटियाल ने जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है. नेटा पटियाल ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की कंबाइंड मेडिकल सर्विसेज (CMS) परीक्षा में ऑल इंडिया 111वीं रैंक हासिल की. नेही पटियाल हमीरपुर के गांव नाहवीं की रहने वाली हैं. नेहा की इस शानदार सफलता से उनके परिवार, रिश्तेदारों और गुरुजनों में खुशी का माहौल है. वहीं, क्षेत्र में लोग नेहा की इस उपलब्धि को उसकी मेहनत, लगन और अनुशासन का परिणाम बता रहे हैं.
पहले NEET एग्जाम किया था क्वालीफाई
नेहा पटियाल के पिता सुभाष चंद ने बताया कि नेहा ने अपनी स्कूली शिक्षा हमीरपुर में ही की है. शुरुआत से 12वीं तक की पढ़ाई भोटा स्थित दिव्या आदर्श विद्या पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल से पूरी की. नेहा ने स्कूल स्तर से ही मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने का लक्ष्य तय कर लिया था. इसके बाद उसने नीट (NEET) परीक्षा क्वालीफाई कर अपनी मेहनत का लोहा मनवाया. नीट में सफलता मिलने के बाद उन्होंने कांगड़ा जिले के प्रतिष्ठित डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज, टांडा में एमबीबीएस में प्रवेश लिया और साल 2024 में अपनी पढ़ाई सफलतापूर्वक पूरी की.
मेरे गृह ज़िला हमीरपुर की नेहा पटियाल जी ने UPSC CMS (Combined Medical Services) परीक्षा में 111वीं रैंक हासिल कर हिमाचल का नाम पूरे देश में रोशन किया है।
— Sukhvinder Singh Sukhu (@SukhuSukhvinder) December 22, 2025
उनकी यह सफलता अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
नेहा जी को मेरी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ। pic.twitter.com/Vr7k9PlrU9
MBBS के साथ की UPSC CMS की तैयारी
पिता सुभाष चंद ने बताया कि एमबीबीएस के दौरान भी नेहा ने UPSC CMS जैसी कठिन परीक्षा की तैयारी जारी रखी. कठिन परिश्रम और निरंतर अध्ययन के बल पर उन्होंने देशभर में UPSC CMS में 111वीं रैंक हासिल की. नेहा ने मेहनत और लगन के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है. वहीं, नेहा की ये उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है.
सीएम सुक्खू ने दी बधाई
नेहा के परिवार की बात करें तो उनके पिता सुभाष चंद भारतीय सेना में सेवारत हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं. अनुशासन और देशसेवा की भावना उन्हें परिवार से ही मिली है. नेहा के दो छोटे भाई हैं, जो अपनी बहन की सफलता से बेहद प्रेरित हैं. नेहा की इस उपलब्धि पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं.

