हमीरपुर की बेटी दीपिका पटियाल बनीं लेफ्टिनेंट कर्नल, जमकर मिल रही बधाइयां
मिलिट्री हॉस्पिटल शिलांग में आयोजित एक समारोह में सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने दीपिका पाटियाल को लेफ्टिनेंट कर्नल पद से नवाजा.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : March 3, 2026 at 8:48 PM IST
हमीरपुर: जिला हमीरपुर के मोरसू सुल्तानी पंचायत के गांव चुआण निवासी शिवकुमार की बेटी दीपिका पटियाल को मिलिट्री मेडिकल सेवाओं में लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर पदोन्नति मिली है. मंगलवार (3 मार्च) को मिलिट्री हॉस्पिटल शिलांग में आयोजित एक समारोह में सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें इस उच्च पद से नवाजा. दीपिका के पिता शिव कुमार ने बताया कि यह क्षण दीपिका और उनके परिवार के लिए गर्व और सम्मान से भरा रहा. इस अवसर पर उनके पिता, माता सोमलता और उनकी दोनों बेटियां उपस्थित रहीं.
हमीरपुर की बेटी दीपिका पटियाल बनीं लेफ्टिनेंट कर्नल
दीपिका पटियाल के पिता शिव कुमार ने बताया कि, "दीपिका की सफलता की कहानी संघर्ष, मेहनत और समर्पण की मिसाल है. दीपिका बचपन से ही पढ़ाई में होनहार रही है. उसने 10वीं कक्षा सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल भोटा से उतीर्ण की और 10+2 की पढ़ाई सीनियर सेकेंडरी स्कूल डिडवीं से मेडिकल साइंस विषय में पूरी की. इसके बाद उसने सेना की बीएससी नर्सिंग परीक्षा उतीर्ण कर अपने सपनों की दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया. वर्ष 2006 से 2009 तक दीपिका ने आर्मी मेडिकल कॉलेज पुणे से चार वर्षीय बीएससी नर्सिंग कोर्स सफलतापूर्वक पूरा किया."
दीपिका के पिता कहते हैं, दीपिका की लगन और प्रतिबद्धता के चलते वर्ष 2010 में उन्हें भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर कमीशन प्राप्त हुआ. यह उनके सैन्य जीवन की औपचारिक शुरुआत थी. वर्ष 2015 में उन्हें पदोन्नत कर कप्तान बनाया गया और उनकी तैनाती मिलिट्री हॉस्पिटल जयपुर में हुई. यहां उन्होंने अपने कर्तव्यों का उत्कृष्ट निर्वहन किया. इसके बाद वर्ष 2016 में उनकी पोस्टिंग कमांड हॉस्पिटल चंडीगढ़ में की गई, जहां उन्होंने चिकित्सा सेवाओं में महत्वपूर्ण योगदान दिया. वर्ष 2021 में उनका तबादला गोलकुंडा मिलिट्री हॉस्पिटल में हुआ. प्रत्येक स्थान पर उन्होंने अपनी मेहनत और निष्ठा से अधिकारियों का विश्वास जीता. बाद में उनकी पोस्टिंग फिर से मिलिट्री हॉस्पिटल शिलांग में की गई, जहां उत्कृष्ट सेवाओं के आधार पर उन्हें पदोन्नत कर लेफ्टिनेंट कर्नल बनाया गया.
पति UK की IT कंपनी में हैं कार्यरत
दीपिका के पिता ने बताया कि, यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है. दीपिका के पति वर्तमान में यूके की एक आईटी कंपनी में कंसलटेंट के रूप में कार्यरत हैं. उनकी इस सफलता से मायके और ससुराल दोनों गांवों में खुशी की लहर दौड़ गई है. ग्रामीणों ने इसे बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण बताया है.
ये भी पढ़ें: हाईकोर्ट पहुंचा CBSE स्कूल में अध्यापक नियुक्ति मामला, 12 मार्च से पहले सरकार से मांगा जवाब
ये भी पढ़ें: स्वास्थ्य मंत्री की बेटी को एक्सटेंशन के तुरंत बाद मिला बड़ा इनाम, प्रवक्ता से बना दिया प्रिंसिपल

